छत्तीसगढ़ में 854 व्याख्याताओं की भर्ती होगी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी शिक्षक बनने का एक बेहतरीन अवसर सामने आया है. स्कूल शिक्षा विभाग ने विभिन्न सरकारी स्कूलों में व्याख्याता के 854 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है.
यह प्रक्रिया मुख्यमंत्री द्वारा की गई 5,000 शिक्षक पदों की घोषणा के पहले चरण के रूप में देखी जा रही है. इच्छुक उम्मीदवार जल्द ही छत्तीसगढ़ व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट के ज़रिए अपना आवेदन दर्ज कर सकेंगे.
परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) को सौंपी गई है, जिसने 29 नवंबर को संभावित परीक्षा तिथि घोषित की है.
हालांकि, ऑनलाइन आवेदन की शुरुआती तारीख और विस्तृत समय-सारणी जल्द ही पोर्टल पर पृथक से उपलब्ध कराई जाएगी. मंडल ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण के नियमों और विस्तृत पाठ्यक्रम की सटीक जानकारी के लिए आधिकारिक पोर्टल का नियमित अवलोकन करते रहें.
इस भर्ती अभियान के तहत आठ प्रमुख विषयों में नियुक्तियां की जाएंगी. भाषा वर्गों को इसमें विशेष तवज्जो दी गई है, जहाँ हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत के लिए सर्वाधिक 120-120 पद तय किए गए हैं. इसके अतिरिक्त राजनीति विज्ञान, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र में प्रत्येक के लिए 100-100 सीटें रखी गई हैं, जबकि भौतिकी (फिजिक्स) विषय के लिए 94 पदों पर भर्ती होगी.
शिक्षकों की यह पूरी नियुक्ति राज्य की भौगोलिक और प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दो अलग-अलग संवर्गों में बांटी गई है. इसमें ई-संवर्ग (सामान्य क्षेत्र की शालाओं) के लिए 424 पद और टी-संवर्ग (ट्राइबल/आदिवासी क्षेत्र की शालाओं) के लिए 430 पद आरक्षित किए गए हैं. आधिकारिक विज्ञापन जारी होते ही योग्य उम्मीदवार अपनी पात्रता जांच कर व्यापमं पोर्टल से प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे.