भंडारा सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 8 श्रमिकों की मौत
भंडारा । डेस्क: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखनी-साकोली क्षेत्र के पिंपलगांव रोड स्थित एक ढाबे के पास शुक्रवार तड़के लगभग 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक ने पीछे से एक पिकअप वैन (टैक्स) को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप गाड़ी ट्रक में बुरी तरह फंस गई, जिसे बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद लेनी पड़ी.
इस हादसे में छत्तीसगढ़ लौट रहे आठ श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें पांच महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं. इसके अलावा तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच और राहत कार्य शुरू कर दिया है. प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण अत्यधिक गति और चालक को नींद आना माना जा रहा है.
इस हृदयविदारक घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है. घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक विशेष टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है. राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है.