8.7 करोड़ युवा शिक्षा और रोजगार से दूर- कांग्रेस
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नीति आयोग की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य और रोजगार के अवसरों को नुकसान पहुंचाने का बड़ा आरोप लगाया है. खरगे ने कहा कि देश में 15 से 29 वर्ष की आयु के लगभग 8.7 करोड़ युवा ऐसे हैं जो न तो पढ़ाई कर रहे हैं, न कोई नौकरी कर रहे हैं और न ही किसी तरह का प्रशिक्षण ले रहे हैं.
कांग्रेस अध्यक्ष ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि देश की शिक्षा प्रणाली महंगी हो गई है, परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं और डिग्रियां मिलने के बावजूद युवाओं को नौकरियां नहीं मिल पा रही हैं.
आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS) के आंकड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं में बेरोजगारी दर 15.6 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि युवती बेरोजगारी दर 19.5 प्रतिशत के स्तर पर है.
खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करते हुए पूछा कि हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने के वादे का क्या हुआ. उन्होंने दावा किया कि 20 से 29 साल के बेरोजगारों में 67 प्रतिशत स्नातक हैं और सरकार में लाखों पद खाली पड़े होने के बावजूद स्थायी नौकरियों की जगह संविदा और अंशकालिक काम दिया जा रहा है.
गौरतलब है कि नीति आयोग ने अपनी 'रीइमेजिनिंग स्किलिंग फॉर विकसित भारत@2047' रिपोर्ट में राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण के आंकड़ों के आधार पर कहा है कि शिक्षा, रोजगार या प्रशिक्षण से बाहर (NEET) युवाओं को वित्तीय तंगी का सामना करना पड़ रहा है. आयोग ने इस स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय मांग और नए उभरते क्षेत्रों के अनुकूल सब्सिडी वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों को शुरू करने की सिफारिश की है.