राजस्थान में सरकारी स्कूल की छत ढहने से 7 बच्चों की मौत, 30 घायल
राजस्थान के झालावाड़ में सरकारी स्कूल की छत ढहने से 7 मासूमों की मौत
झालावाड़ | डेस्कः राजस्थान के झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में शुक्रवार की सुबह राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल की जर्जर छत गिरने से मलबे में कई बच्चे दब गए. इस दर्दनाक हादसे में 7 बच्चों की मौत हो गई और 30 से ज्यादा घायल हो गये. घायलों में कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
कहा जा रहा है कि मनोहरथाना ब्लॉक के पीपलोदी सरकारी स्कूल का एक क्लासरूम बारिश के बीच पूरी तरह ढह गया. इसमें 7वीं क्लास के 35 बच्चे बैठे थे. सभी मलबे में दब गए.
शिक्षकों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया. मनोहरथाना अस्पताल में सभी घायलों को इलाज के लिए लाया गया. तब तक 3 बच्चों की मौत हो चुकी थी. इलाज के दौरान 4 बच्चों की मौत हुई.
गंभीर घायल 11 बच्चों को झालावाड़ जिला हॉस्पिटल रेफर किया गया.
गांव में मची चीख-पुकार
गांववालों ने बताया कि इस स्कूल में कुल 7 क्लासरूम हैं. जिस क्लासरूम में हादसा हुआ उसमें 7वीं क्लास के बच्चे पढ़ाई कर रहे थे. स्कूल में दो टीचर भी मौजूद थे, लेकिन दोनों हादसे के दौरान बिल्डिंग से बाहर थे.
घटना की जानकारी मिलते ही सभी लोग स्कूल की ओर दौड़े. पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई. बदहवास मां-बाप मलबे में बच्चों के ढूंढते नजर आए.
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने घटना की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी जांच का ऐलान किया है. साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर पोस्ट कर शोक व्यक्त किया.
वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर 1.30 बजे हादसा स्थल पहुंचेंगे. वे यहां घायलों से भी मिलेंगे.