पैसों और दबाव के दम पर निर्विरोध जीते 68 उम्मीदवार- संजय राउत
मुंबई । डेस्क: उद्धव ठाकरे गुट के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों से पहले भाजपा नीत महायुति के 68 उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने पर कड़ा प्रहार किया है. राउत ने आरोप लगाया कि 15 जनवरी को होने वाले 29 नगर निगमों के चुनाव से पहले ही जिस तरह से बड़ी संख्या में उम्मीदवार जीते हैं, वह विश्व इतिहास में अभूतपूर्व और संदिग्ध है.
उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर सीधा हमला बोलते हुए दावा किया कि प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों को मैदान से हटाने के लिए 5 से 10 करोड़ रुपये तक दिए गए और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया गया.
राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरोप लगाया कि जलगांव जैसे क्षेत्रों में विपक्षी उम्मीदवारों को पैसे बांटे गए और चुनाव अधिकारियों पर दबाव बनाकर समय सीमा के बाद भी नामांकन वापस लिए गए.
उन्होंने चुनाव आयोग से रिटर्निंग अधिकारियों के कॉल रिकॉर्ड की जांच करने की मांग की.
साथ ही, राउत ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर का एक कथित वीडियो साझा करते हुए उन पर एक पूर्व सांसद को धमकाने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की.
राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने मंत्री भरत गोगावले के बेटे का जिक्र किया और कहा कि महाराष्ट्र में वर्तमान में 'गुंडों और गैंग' का राज चल रहा है.