पश्चिम बंगाल में चुनाव के पहले ही सुरक्षाबलों की 480 कंपनी तैनात होगी
पश्चिम बंगाल में चुनाव के पहले ही सुरक्षाबलों के 480 कंपनी तैनात होंगे
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच केंद्रीय चुनाव आयोग ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं. मतदान की तारीखों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन उससे पहले ही केंद्र सरकार ने राज्य में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती का निर्णय ले लिया है.
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी कर बताया कि 1 मार्च से राज्य में केंद्रीय बलों की तैनाती शुरू की जाएगी. दो चरणों में कुल 480 कंपनियां अर्धसैनिक बलों की तैनात की जाएंगी. पहले चरण में 1 मार्च को 240 कंपनियां भेजी जाएंगी, जबकि शेष 240 कंपनियां 10 मार्च तक राज्य में पहुंच जाएंगी.
गृह मंत्रालय ने इस संबंध में राज्य के मुख्य सचिव, गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजा है. पत्र में उल्लेख किया गया है कि 20 फरवरी को हुई बैठक में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर प्रारंभिक रूप से 480 कंपनियां केंद्रीय बलों की तैनाती का निर्णय लिया गया.
पहले चरण में 110 कंपनियां Central Reserve Police Force (CRPF), 55 कंपनियां Border Security Force (BSF), 21 कंपनियां Central Industrial Security Force (CISF), 27 कंपनियां Indo-Tibetan Border Police (ITBP) और 27 कंपनियां Sashastra Seema Bal (SSB) की होंगी.
दूसरे चरण में 120 कंपनियां CRPF, 65 कंपनियां BSF, 16 कंपनियां CISF, 20 कंपनियां ITBP और 19 कंपनियां SSB की तैनात की जाएंगी.
मंत्रालय के अनुसार, केंद्रीय बलों के जवान संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, गश्त, संवेदनशील मतदान केंद्रों की निगरानी, मतदाताओं में भरोसा कायम करने और ईवीएम की सुरक्षा जैसे दायित्व निभाएंगे. प्रत्येक कंपनी में 9 सेक्शन होंगे, जिनमें 8 सेक्शन विभिन्न ड्यूटी पर तैनात रहेंगे, जबकि एक सेक्शन क्विक रिएक्शन टीम (QRT) और निगरानी कार्य संभालेगा. प्रत्येक कंपनी में न्यूनतम 72 जवान होंगे.
राज्य सरकार को बलों के आवास, परिवहन और अन्य लॉजिस्टिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. CRPF के वेस्ट बंगाल सेक्टर के आईजी संजय यादव को राज्य में केंद्रीय बलों के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
गौरतलब है कि 2011 के बाद से पश्चिम बंगाल में हर चुनाव में केंद्रीय बलों की संख्या बढ़ाई गई है. वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में राज्य में लगभग 1100 कंपनियां केंद्रीय बलों की तैनात की गई थीं और मतदान सात चरणों में संपन्न हुआ था. Symbolic Photo