धमतरी मे 40 भेड़-बकरियों की मौत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड के अंतर्गत ग्राम डुमरपाली में एक बड़ा हादसा सामने आया है. छत्तीसगढ़ सरकार के जनसंपर्क विभाग ने जानकारी दी है कि विगत 17 जून की रात हुई इस प्राकृतिक आपदा में लगभग 40 भेड़-बकरियों की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पशुधन विकास विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया है.
विभागीय जांच में यह बात सामने आई है कि मृत पशु अन्य राज्यों से आए घुमंतू चरवाहों के थे. हादसे के तुरंत बाद चरवाहों ने मृत पशुओं को नियमानुसार गड्ढा खोदकर सुरक्षित रूप से दफना दिया और वहां से आगे बढ़ गए. जनसंपर्क विभाग ने दावा किया है कि आकाशीय बिजली से इन भेड़-बकरियों की मौत हुई है.
पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों ने दफन स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और राहत की बात यह है कि वर्तमान में क्षेत्र में किसी भी प्रकार के संक्रमण या पशुजनित बीमारी (Zoonotic Disease) फैलने का कोई खतरा नहीं है.
पशुधन विकास विभाग के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा से जुड़े सभी आवश्यक तथ्यों और आंकड़ों का संकलन कर लिया गया है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में मवेशियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है.
वर्तमान में एहतियातन कदम उठाते हुए प्रभावित क्षेत्र और आसपास के गांवों में स्थिति की सतत निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके और आपात स्थिति में पशुपालकों को त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके.