शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा में एक ही दिन में 3 नवजात की मौत

H

Hupendra Sharma

12 सित. 2025, 11:55 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

 नवजात की मौत
नवजात की मौत

कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक ही दिन में तीन नवजात शिशुओं की मौत होने का मामला सामने आया है. तीनों ही घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्र की है. पुलिस तीनों ही मामलों में जांच पड़ताल कर रही है.


कोतवाली थाना क्षेत्र के सर्वमंगला स्थित हसदेव पुल के पास एक थैली में नवजात शिशु का भ्रूण मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया.


इसकी सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. जांच में उसी स्थान से एक डायग्नोसिस सेंटर की थैली भी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस अब जांच में जुटी हुई है.


फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भ्रूण वहां कैसे पहुंचा और किसने छोड़ा है. 


बताया गया कि इस क्षेत्र में कुछ दिनों के अंदर भ्रूण मिलने की यह तीसरी घटना है. लगातार इस तरह की घटना से बस्ती वासियों में भारी आक्रोश है. 


दूसरी घटना में एक नाबालिग युवती ने एक निजी अस्पताल में शिशु को जन्म दिया है. जन्म के कुछ देर बाद ही बच्चे की मौत हो गई.


इस घटना के बाद निजी अस्पताल पर नर्सिंग एक्ट उल्लंघन का आरोप लगा है. हालांकि इस संबंध में डॉक्टर ने आवेदन प्रस्तुत किया है.


जिसमें नवजात के जन्म का उल्लेख है. आवेदन में पति की उम्र 18 वर्ष बताई गई है.


तीसरी घटना मोरगा चौकी क्षेत्र की है. यहां एक अविवाहित युवती ने जिला अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया. यहां भी जन्म के कुछ देर बाद ही शिशु की मौत हो गई.


अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना तत्काल जिला अस्पताल चौकी पुलिस को दी. पुलिस ने युवती का बयान दर्ज किया है.


बताया गया कि युवती कोरबा में पढ़ाई करने के लिए आई थी और किराए के मकान में रह रही थी. एसपी भूषण एक्का के नेतृत्व में पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP