शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

भालू के साथ क्रूरता करने वाले 2 गिरफ्तार

C

CG Khabar

15 अप्रै. 2025, 08:39 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

 भालू
भालू

सुकमा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक भालू के साथ क्रूरता पूर्वक व्यवहार करते हुए उसकी हत्या करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.


दो दिन पहले ही सोशल मीडिया पर भालू के साथ क्रूरता का वीडियो वायरल हुआ था.


इस घटना के सामने आते ही वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई थी.


आखिरकार वीडियो में दिख रहे दोनों युवकों को धर दबोचा गया. गिरफ्तार दोनों युवकों का नाम वेंदो भीमा और वेंदो देवा बताया जा रहा है.


दरअसल भालू के साथ क्रूरता का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ था. जिसके बाद बिलासपुर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई थी.


इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने अक्षय अपराध मानते हुए सीसीएफ और वन विभाग को तत्काल कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे.


जिसके बाद मुख्य वन संरक्षक जगदलपुर ने टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई शुरू की. 


वायरल वीडियो को देख कर पता चला कि यह घटना सुकमा क्षेत्र का है. इस आधार पर डीएफओ सुकमा ने जांच प्रारंभ की.


सभी परिक्षेत्र अधिकारी एवं परिसर रक्षकों को अपने क्षेत्र के ग्रामों एवं वन क्षेत्रों में सघन पतासाजी की. क्षेत्र के संदिग्ध ग्रामीणों की सूचीबद्ध कर पूछताछ की. 


इस दौरान पता चला कि यह घटना किस्टारम वन परिक्षेत्र के ग्राम पुट्‌टेपाड़ में हुई थी. गांव के वेंदो भीमा और वेंदो देवा ने इसे अंजाम दिया था.


इस जानकारी के बाद दोनों आरोपियों को पकड़ने दो एसडीओ, दो रेंजर, डिप्टी रेंजर, बीट गार्ड समेत कुल 12 वन अफसर-कर्मियों की टीम कोबरा जवानों के साथ पुट्टेपाड़ गांव पहुंची. जब तक दोनों आरोपी फरार हो गए थे.


इसके बाद तेलंगाना सीमा से सटे इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया और 14 अप्रैल को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.


बताया गया कि वीडियो में भालू के कान दबोचे हुए दिख रहे युवक का नाम वेंदो भीमा है. वहीं भालू के सिर पर मारने वाला आरोपी वेंदो भीमा का भतीजा है. दोनों आरोपियों ने भालू की हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया है. 


जगदलपुर के मुख्य वन संरक्षक आर. सी. दुग्गा ने बताया कि दोनों ग्रामीणों ने भालू को फंसे में फंसाकर उसे लहूलुहान कर दिया था.


जिससे उसके शरीर पर काफी चोट भी आई थी. जिसके बाद आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी थी.


बताया गया कि सोशल मीडिया पर भालू का वायरल वीडियो बीते साल नवंबर महीने में बनाया गया था. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP