गौरेला में आकाशीय बिजली से 11 मवेशियों की मौत
पेन्ड्रा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में गौरेला विकासखंड के अंतर्गत आने वाले सुदूर पहाड़ी इलाके राजमेरगढ़ में आसमानी बिजली गिरने के कारण 11 पशुओं की अकाल मौत हो गई. इस आकस्मिक हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम और अफरा-तफरी का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार की शाम को अचानक मौसम का मिजाज बदला और गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होने लगी. इसी दौरान जब जंगलों में चरने गए पशु वापस अपने घरों की ओर आ रहे थे, तभी वे इस प्राकृतिक आपदा का शिकार हो गए.
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कड़कती बिजली सीधे पशुओं के झुंड पर गिरी, जिससे सभी 11 मवेशियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
ये सभी पशु राजमेरगढ़ के रहने वाले ग्रामीण नाथूराम यादव के थे, जो रोज की तरह सुबह चरने के लिए निकले थे. एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों के मारे जाने से पीड़ित पशुपालक को गहरा आर्थिक सदमा लगा है.
ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित परिवार पूरी तरह से पशुपालन पर ही निर्भर था और इस घटना ने उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है.
हादसे की खबर मिलते ही राजस्व और स्थानीय प्रशासन की टीम ने घटना स्थल का दौरा किया है. अधिकारियों ने मृत मवेशियों का पंचनामा तैयार कर लिया है और पीड़ित परिवार को सरकारी नियमों के तहत उचित मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
वहीं ग्रामीणों ने सरकार से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक राहत राशि जारी करने की गुहार लगाई है.