शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

समर्थन मूल्य पर चना खरीदी 1 मार्च से, पंजीयन शुरू

छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर चना खरीदी 1 मार्च से

C

CG Khabar

14 फ़र. 2025, 02:10 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

छत्तीसगढ़ में  चना खरीदी 1 मार्च से
छत्तीसगढ़ में चना खरीदी 1 मार्च से

धमतरी | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में चना उत्पादन करने वाले किसानों को इस साल फसल बेचने के लिए ज्यादा दिनों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा. 


क्योंकि राज्य सरकार 1 मार्च से समर्थन मूल्य पर चना खरीदी शुरू करने वाली है. इसके लिए तैयारियां तेज कर दी है. 


साथ ही पंजीयन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. इसके लिए किसान एकीकृत किसान पोर्टल पर अपना पंजीयन करा सकते हैं.


राज्य सरकार इस साल  प्रधानमंत्री आशा योजना के तहत चना की खरीदी करेगी. 


चना उगाने वाले किसान प्रति एकड़ 6 क्विंटल चना बेच सकते हैं. 


इसके लिए शासन द्वारा  चना का समर्थन मूल्य 5 हज़ार 650 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है. 


कृषि विभाग ने जानकारी दी है कि चना बेचने वाले किसान अपना पंजीयन किसान पोर्टल पर करा सकते हैं. 


इसके लिए किसानों को अपने खेत की ऋण पुस्तिका, आधार नम्बर, बैंक पास बुक और मोबाइल नम्बर के साथ आवेदन अपने क्षेत्र की सहकारी समिति में जमा करना होगा. 


पोर्टल पर पंजीयन के बाद क्षेत्र के कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा फसल का सत्यापन किया जाएगा.

 

4 केन्द्रों में होगी खरीदी
धमतरी जिले में चना खरीदी के लिए चार उपार्जन केंद्र बनाए जा चुके हैं और चार नए केन्द्रों के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है.  


धमतरी ब्लॉक में प्राथमिक सेवा सहकारी समिति तरसीवां और लोहरसी को उपार्जन केंद्र बनाया गया है. 


इसी तरह कुरूद ब्लॉक में प्राथमिक सेवा सहकारी समिति रामपुर और कातलबोड़ को उपार्जन केंद्र बनाया गया है. 


इसके अलावा चार नए उपार्जन केंद्रों नगरी, मगरलोड, धमतरी और छाती के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है. 


लक्ष्य से अधिक हुई बोनी
कृषि विभाग ने बताया कि इस साल धमतरी जिले में लक्ष्य से अधिक रकबे में चने की बोनी किसानों ने की है. 


धमतरी जिले में 15 हज़ार 427 हेक्टेयर रकबे में चने की फसल उगाई गई है. 


जबकि कृषि विभाग ने 10 हजार हेक्टेयर में चने की फसल का लक्ष्य रखा था. 


लेकिन लक्ष्य के मुताबिक 5427 हेक्टेयर अधिक रकबे में फसल है. 


जबकि बीते साल 6 हजार 670 हेक्टेयर में चने की फसल लगाई गई थी.


कृषि विभाग के मुताबिक धमतरी ब्लॉक में ही 6 हज़ार 378 हेक्टेयर में किसानों ने चने की खेती की है. 


इसी तरह कुरूद विकासखंड में 5 हज़ार 875 हेक्टेयर में,  मगरलोड विकासखंड में लगभग ढाई हज़ार हेक्टेयर और नगरी विकासखण्ड में 726 हेक्टेयर रकबे में चने की खेती की जा रही है.  
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP