शाहिद कपूर ने कहा- 'अब अच्छी फ़िल्में नहीं बन रहीं'
मुंबई । डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'ओ रोमियो' के प्रमोशन में व्यस्त हैं. इसी दौरान एक पॉडकास्ट में फिल्म इंडस्ट्री की वर्तमान स्थिति पर खुलकर बात करते हुए उन्होंने तीखा बयान दिया है. शाहिद का मानना है कि बॉलीवुड अब उस स्तर की बेहतरीन हिंदी फ़िल्में नहीं बना रहा है, जैसी पहले बनती थीं.
उन्होंने 'मैनुफैक्चर्ड मार्केटिंग' (बनावटी प्रचार) पर निशाना साधते हुए कहा कि कृत्रिम पीआर और मार्केटिंग के कारण फिल्म इंडस्ट्री को भारी नुकसान हो रहा है.
शाहिद के अनुसार, बनावटी मार्केटिंग और दर्शकों की वास्तविक प्रतिक्रिया के बीच एक गहरी खाई बन गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह कभी भी नकली पीआर चक्र का हिस्सा बनने में विश्वास नहीं रखते, क्योंकि एक कलाकार हमेशा दर्शकों की सच्ची राय जानना चाहता है.
शाहिद ने कहा कि मार्केटिंग जरूरी है, लेकिन उसकी सीमा समझना उससे भी ज्यादा जरूरी है. उनके मुताबिक, जब एक सिनेमाघर में लोग खुद से तालियां और सीटियां बजाते हैं, तो उस कला का महत्व अलग होता है, लेकिन जब इसमें बनावटीपन आ जाता है, तो वह अपनी खूबसूरती खो देती है.
अभिनेता ने यह भी कहा कि जहाँ एक तरफ दर्शक अपना धैर्य खो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर निर्माता भी काम पर पूरी तरह फोकस नहीं कर पा रहे हैं और गुणवत्ता से समझौता कर रहे हैं.
शाहिद ने जोर देकर कहा कि ऐसा नहीं है कि दर्शक फिल्में देखना नहीं चाहते, बल्कि सच्चाई यह है कि अब अच्छी फिल्में बनाई ही नहीं जा रही हैं.
गौरतलब है कि शाहिद कपूर की फिल्म 'ओ रोमियो' 13 फरवरी को वेलेंटाइन डे के मौके पर रिलीज हो रही है. विशाल भारद्वाज द्वारा निर्देशित इस फिल्म में शाहिद के साथ तृप्ति डिमरी और नाना पाटेकर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे.