विकसित भारत की यात्रा को मोदी सरकार ने दी नई ऊर्जा-द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को बजट सत्र 2025-26 की शुरुआत के मौके पर दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की संयुक्त बैठक को संबोधित किया.
नई दिल्ली | डेस्क : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को बजट सत्र 2025-26 की शुरुआत के मौके पर दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की संयुक्त बैठक को संबोधित किया.
इस दौरान राष्ट्रपति ने कहा, '' सरकार ने वन नेशन, वन इलेक्शन और वक़्फ़ बोर्ड जैसे मुद्दों पर बड़े कदम बढ़ाए हैं. सरकार ने एक दशक में 'विकसित भारत' की यात्रा को नई ऊर्जा दी है.''
राष्ट्रपति ने कहा, ''आज कई वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी ट्रेनें संचालित हो रही हैं. पिछले छह माह में 17 नई वंदे भारत और एक नमो भारत ट्रेन को जोड़ा गया है."
उन्होंने कहा-"उड़ान योजना ने लगभग डेढ़ करोड़ लोगों का हवाई जहाज में उड़ने का सपना पूरा किया है. जन औषधि केंद्र में 80 प्रतिशत रियायती दरों पर मिल रही दवाओं से, देशवासियों के 30 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा बचे हैं. हर विषय की पढ़ाई के लिए सीटों की संख्या में कई गुना बढ़ोतरी का बहुत लाभ मध्यम वर्ग को मिला है."
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संसद परिसर में मीडिया से बातचीत की थी.
पीएम ने कहा, "साथियो, देश की जनता ने मुझे तीसरी बार यह दायित्व दिया है. इस तीसरे कार्यकाल का, यह पहला पूर्ण बजट है."
"मैं विश्वास से कह सकता हूं कि 2047, जब आज़ादी के सौ साल होंगे, विकसित भारत का जो संकल्प देश ने लिया है, यह बजट सत्र, यह बजट एक नया विश्वास पैदा करेगा.''
पीएम मोदी ने कहा, "यह हमें नई ऊर्जा देगा कि देश जब आज़ादी के 100 साल मनाएगा तब विकसित होकर रहेगा. 140 करोड़ देशवासी अपने सामूहिक प्रयास से इस संकल्प को पूरा करेंगे."