कांकेर: इलाज के झांसे में महिला को बनाया बंधक, पास्टर पर धर्मांतरण और शोषण का आरोप
कांकेर जिले में इलाज के नाम पर एक महिला से धोखाधड़ी, प्रलोभन और शोषण की हैरान करने वाली घटना सामने आई है. पीड़िता की हालत बिगड़ने के बाद उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस आरोपी पास्टर के खिलाफ जांच में जुटी है.
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में स्वास्थ्य लाभ और सुविधाओं का लालच देकर एक असहाय महिला को बंधक बनाने, उसका दैहिक शोषण करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का आरोप लगा है. पीड़िता की सेहत अत्यधिक बिगड़ने के बाद उसे कोमलदेव अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और उसके फेफड़ों में गंभीर संक्रमण है.
इस मामले में पीड़िता के 15 वर्षीय बेटे ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की गुहार लगाई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में पीड़िता के पति राजकुमार साहू की सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जिसके बाद से महिला शारीरिक और मानसिक रूप से अस्वस्थ रहने लगी.
इसी दौरान पीड़िता की मुलाकात पड़ोसी अंबिका साहू के जरिए पास्टर दिलीप चक्रधारी से हुई. आरोप है कि आरोपी पास्टर ने महिला को बीमारी ठीक करने और घरेलू सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया, लेकिन इसके बदले उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया.
बाद में आरोपी ने महिला को अपने मकान में कैद कर लिया और परिजनों से मिलने नहीं दिया. विरोध करने पर पीड़िता को लगातार धमकियाँ दी जाती रहीं. यहाँ तक कि 18 अक्तूबर को पुलिस चौकी में दबाव बनाकर एक इकरारनामे पर हस्ताक्षर कराने का भी आरोप लगाया गया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग एक्शन में आ गया है. सिटी कोतवाली थाना प्रभारी जितेंद्र साहू ने बताया कि किशोर और ग्रामीणों की ओर से लिखित शिकायत मिली है, जिसके आधार पर घटना की गहनता से पड़ताल की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि जाँच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, वहीं फिलहाल सर्वोच्च प्राथमिकता पीड़िता के इलाज और उसकी सुरक्षा को दी जा रही है.