शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कनाडा–चीन ट्रेड डील पर ट्रंप की धमकी, 100% टैरिफ लगेगा

C

CG Khabar

24 जन. 2026, 06:37 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

डोनाल्ड ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप

वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा को चेतावनी दी है कि यदि कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी चीन के साथ घोषित व्यापार समझौते को आगे बढ़ाते हैं, तो अमेरिका कनाडा से आने वाले सभी सामानों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाएगा.


ट्रंप ने शनिवार सुबह अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर बयान जारी करते हुए कहा कि अगर कनाडा चीन के लिए अमेरिका में माल भेजने का “ड्रॉप-ऑफ पोर्ट” बनता है, तो यह अमेरिका के लिए स्वीकार्य नहीं होगा. ट्रंप ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री कार्नी को ‘गवर्नर’ संबोधित किया.


यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में प्रधानमंत्री कार्नी ने चीन के साथ एक नए रणनीतिक व्यापारिक साझेदारी की घोषणा की है. इस समझौते के तहत चीन कनाडा से कैनोला और अन्य कृषि उत्पादों पर टैरिफ घटाएगा, जबकि कनाडा अपने बाजार में करीब 49 हजार चीनी इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रवेश की अनुमति देगा.


इस सप्ताह विश्व आर्थिक मंच के दावोस सम्मेलन में कार्नी के भाषण के बाद कनाडा–अमेरिका संबंधों में और तनाव बढ़ गया. अपने संबोधन में कार्नी ने कहा था कि दुनिया एक “रूपांतरण नहीं, बल्कि टूटन” के दौर से गुजर रही है और मध्यम शक्तियों को दबाव व धमकियों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाना चाहिए.


ट्रंप ने इस बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि “कनाडा अमेरिका की वजह से ही जीवित है” और इसके बाद कार्नी को अपनी तथाकथित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ से भी बाहर कर दिया.


जानकारों का मानना है कि अमेरिका पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से कार्नी चीन, यूरोपीय संघ और कतर जैसे देशों के साथ नए आर्थिक विकल्प तलाश रहे हैं. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP