सोनिया गांधी का संस्मरण अब हार्पर कॉलिन्स इंडिया से होगा प्रकाशित
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के बहुप्रतीक्षित संस्मरण 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' को लेकर जारी गतिरोध समाप्त हो गया है. पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा इस पुस्तक को प्रकाशित न करने के फैसले के बाद अब हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने घोषणा की है कि वह 10 नवंबर 2026 को इस किताब को भारत में जारी करेगा.
हार्पर कॉलिन्स इंडिया द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह पुस्तक सोनिया गांधी के जीवन, उनके संघर्षों और भारतीय राजनीति के इतिहास का एक अंतरंग व व्यक्तिगत लेखा-जोखा पेश करती है.
इसमें गांधी परिवार के पर्दे के पीछे की कहानियों के साथ-साथ पिछले 50 वर्षों में भारत के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक बदलावों को करीब से दर्ज किया गया है. भारत के बाहर, इस पुस्तक का प्रकाशन अमेरिका आधारित एल्फ्रेड ए. नोफ (पेंगुइन रैंडम हाउस का एक प्रभाग) द्वारा 10 नवंबर को ही किया जाएगा. वर्तमान में इस किताब की ऑनलाइन प्री-ऑर्डर बुकिंग शुरू हो चुकी है.
इससे पहले पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया के साथ संपादक स्तर पर मतभेदों की खबरें आई थीं, जिस पर प्रकाशक ने सफाई देते हुए कहा कि वे हमेशा से इसे प्रकाशित करने के इच्छुक थे और एडिटोरियल बदलाव न मानने जैसी बातें तथ्यों से परे हैं.
वहीं, कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार और आरएसएस से जुड़े संदर्भों को लेकर प्रकाशक पर दबाव बनाया गया था. इसके साथ ही, पेंगुइन द्वारा हाल ही में जो साको की एक अन्य चर्चित किताब रद्द किए जाने के बाद उसका प्रकाशन भी अब 'लेफ्टवर्ड' द्वारा भारत में शुरू किया गया है.