शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायपुर में क्लब में महिलाओं को शराब परोसने पर मचा बवाल

C

CG Khabar

08 अप्रै. 2026, 02:05 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

नाइट क्लब-रायपुर
नाइट क्लब-रायपुर

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सेरीखेड़ी स्थित 'पियानो क्लब' में देर रात तक चली एक पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है. वायरल वीडियो में कथित तौर पर मुंबई से आए कलाकार और इन्फ्लुएंसर महिलाओं को खुलेआम शराब परोसते और "दारू पियो ऐश करो" जैसे नारों के साथ नशे को बढ़ावा देते नजर आ रहे हैं. 


इस मामले को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है.


प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने सरकार की आबकारी नीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राजस्व बढ़ाने की होड़ में होटल और क्लबों को जिस तरह की छूट दी गई है, उसका असर अब राज्य की संस्कृति पर पड़ रहा है. 


उन्होंने इस घटना को माता कौशल्या की धरती का अपमान बताते हुए पूछा कि आखिर राजधानी के वीआईपी रोड स्थित क्लबों में देर रात तक ऐसी गतिविधियों की अनुमति कौन दे रहा है? 

ठाकुर ने यह भी याद दिलाया कि पूर्व में शहर में 'न्यूड पार्टी' के आयोजन की कोशिशें भी हो चुकी हैं और अब रेव पार्टी व ड्रग्स जैसी शिकायतें आम हो गई हैं, जो लचर कानून-व्यवस्था का प्रमाण हैं.


इधर, वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय रहवासियों में भी भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों के पास देर रात तक चलने वाले इन क्लबों से सुरक्षा और शांति भंग हो रही है. 


मामले की गंभीरता को देखते हुए तेलीबांधा थाना पुलिस की टीम ने क्लब पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. 


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की प्रामाणिकता और क्लब के संचालन समय की जांच की जा रही है. नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर प्रबंधन के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, इस घटना ने रायपुर में नाइट लाइफ के नाम पर परोसी जा रही नशाखोरी और सुरक्षा इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP