भोपाल की बहू त्विशा शर्मा की मौत का रहस्य गहराया
भोपाल । डेस्क: भोपाल के कतारा हिल्स इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई नोएडा की रहने वाली त्विशा शर्मा की मौत का मामला अब और उलझ गया है. अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता पक्ष के वकील ने जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं, जिससे मुख्य आरोपी और त्विशा की सास गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
वकील का मुख्य तर्क है कि पुलिस द्वारा जब्त की गई रस्सी, जिससे त्विशा का शव लटका हुआ मिला था, उसके जब्तीकरण की सूची में इस बात का कोई जिक्र नहीं है कि उसकी पहचान किसने की थी.
इसके अलावा, यह सनसनीखेज आरोप भी लगाया गया है कि एम्स भेजने से पहले जांच अधिकारी ने उस महत्वपूर्ण सबूत यानी रस्सी को अपनी निजी कार में रखा था, जो साक्ष्यों की विश्वसनीयता और अखंडता पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है.
परिवार का आरोप है कि सेवानिवृत्त न्यायाधीश होने के कारण गिरिबाला सिंह जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैं. यहां तक कि केस डायरी की गोपनीय जानकारी भी अग्रिम जमानत की सुनवाई के दौरान आरोपी पक्ष तक पहुंचने की बात सामने आई है.
सीबीआई की जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि त्विशा के गले पर फंदे के निशान के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट और नीले निशान भी पाए गए हैं, जो किसी कुंद हथियार से हमले की ओर इशारा करते हैं.
परिजनों की मांग पर त्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसकी विस्तृत फॉरेंसिक रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच आना अभी बाकी है. फिलहाल, दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोपों के तहत त्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह दोनों जेल में बंद हैं और केंद्रीय एजेंसी मामले की तह तक जाने में जुटी है.