शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

मध्यप्रदेश के रीवा में रोड एक्सीडेंट में पिता-पुत्र समेत तीन की मौत

C

CG Khabar

08 फ़र. 2026, 06:40 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

रीवा रोड एक्सीडेंट
रीवा रोड एक्सीडेंट

रीवा । डेस्क: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता, पुत्र और एक महिला रिश्तेदार की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा रीवा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोस्ता जिउला मोड़ के पास करीब 3 बजे हुआ.


मृतक 55 वर्षीय भगवत विश्वकर्मा, उनका पुत्र शिवम विश्वकर्मा और महिला रिश्तेदार शीतल विश्वकर्मा मोटरसाइकिल से हनुमना से रीवा की ओर जा रहे थे. वे शिवम की आगामी शादी के लिए रिश्तेदारों को निमंत्रण पत्र बांट रहे थे. शिवम की शादी 24 फरवरी को प्रस्तावित थी.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रीवा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही काली रंग की ऑडी कार ने मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. 


टक्कर के बाद ऑडी कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद उसमें सवार लोग मौके से फरार हो गए.


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को जानकारी दी. रायपुर कर्चुलियान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया. मृतक गढ़-कटरा क्षेत्र के घूमा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं.


रायपुर कर्चुलियान थाना के एएसआई पद्मेश मिश्रा ने बताया कि तेज रफ्तार ऑडी कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में एक महिला और दो पुरुषों की मौत हुई है. मामले की जांच की जा रही है और फरार ऑडी सवारों की तलाश के लिए पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP