रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

झारखंड: थाने में वर्दी पहनकर रील बनाना पड़ा भारी, इंस्पेक्टर सस्पेंड

C

CG Khabar

30 जन. 2026, 09:28 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

पुलिस अधिकारी रील
पुलिस अधिकारी रील

पलामू । डेस्क: पुलिस की वर्दी की गरिमा और अनुशासन को ताक पर रखकर मनोरंजन करना झारखंड के एक पुलिस अधिकारी को बेहद महंगा साबित हुआ. पलामू जिले के हुसैनाबाद थाने में तैनात इंस्पेक्टर सोनू चौधरी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर थाने के भीतर ही पत्नी के साथ फिल्मी गानों पर डांस करते हुए एक रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. 


वीडियो में इंस्पेक्टर साहब न केवल वर्दी में थिरकते नजर आ रहे हैं, बल्कि उन्होंने अपनी सरकारी टोपी भी पत्नी को पहना दी. जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, इंटरनेट यूजर्स ने उनकी पेशेवर नैतिकता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए.

विज्ञापन


मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है. पलामू की पुलिस अधीक्षक (SP) रेशमा रमेशन ने अनुशासनहीनता के आरोप में सोनू चौधरी को पद से हटा दिया है और उनकी जगह चंदन कुमार को थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. 


पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल ने इस मामले में विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं. 


पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वर्दी में इस तरह का आचरण घोर अनुशासनहीनता है और इसे कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा. 


गौरतलब है कि सोनू चौधरी 2012 बैच के कर्मी थे और इसी साल प्रमोट होकर इंस्पेक्टर बने थे. जिस हुसैनाबाद थाने में वह तैनात थे, वह बिहार सीमा से सटा एक संवेदनशील नक्सल प्रभावित इलाका है, जिससे उनकी इस लापरवाही पर और भी अधिक सवाल खड़े हो रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP