चीन में जन्मदर बढ़ाने के लिये विवाह को प्रोत्साहन
सीजी खबर डेस्क: चीन में जनसंख्या के गिरते जन्मदर को रोकने और ज्यादा बच्चों वाले परिवारों को बढ़ावा देने के लिये सरकार अब शादी को भी एक प्रमुख उपकरण के रूप में इस्तेमाल कर रही है. देश में 2025 के पहले नौ महीनों में विवाह पंजीकरण में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो विशेषज्ञों के अनुसार जन्मदर बढ़ाने की नीतियों का सकारात्मक असर है.
नागरिक मामलों के मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक जनवरी-सितंबर 2025 के बीच 51.5 लाख जोड़ों ने विवाह पंजीकृत कराया, जो 2024 की इसी अवधि की तुलना में 8.5 प्रतिशत अधिक है. खासकर शंघाई और शेनझेन जैसे बड़े शहरों में विवाहों की संख्या पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक दर्ज की गई. विशेषज्ञों का मानना है कि यह केवल सांस्कृतिक बदलाव नहीं, बल्कि सरकार की “प्रो-फैमिली” नीतियों का परिणाम है.
सरकार ने पिछले साल से शादी और परिवार-संबंधी नियमों में कई ढील दी है. जैसे कि अब जोड़े कहीं भी अपना विवाह पंजीकृत करा सकते हैं, बिना अपने “हुकू” (नागरिक रजिस्ट्रेशन) बुकलेट दिखाये, जिससे लाखों प्रवासी श्रमिकों को फायदा हुआ है.
इसके अलावा विस्तारित माता-पिता अवकाश, चाइल्डकेयर सब्सिडी, मुफ्त प्री-स्कूल शिक्षा, और 2026 से प्रसव संबंधी खर्चों को बीमा के दायरे में लाने जैसे उपाय भी किये जा रहे हैं.
विशेषज्ञों का कहना है कि शादी और बच्चे के जन्म को आर्थिक तथा सामाजिक समर्थन देना जरूरी है ताकि युवा परिवार बनाने के लिये प्रेरित हों. शादी में वृद्धि से संभावित रूप से जन्मदर पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है.
जहां विवाहों में यह उछाल देखा गया है, वहीं चीन की जन्मदर अभी भी बहुत कम बनी हुई है. 2024 में राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 9.54 मिलियन बच्चे जन्मे, जो 2023 के 9.02 मिलियन से थोड़े अधिक हैं, लेकिन यह आंकड़े पिछले दशक के मुकाबले काफी कम हैं.
2025 तक देश की संख्या औसत जन्मदर लगभग 10.31 प्रति 1,000 लोग है.
कुल प्रजनन दर (जन्मे बच्चे प्रति महिला) 2025 में लगभग 1.71 के आसपास आंकी गई है, जो प्रतिस्थापन स्तर (2.1) से काफी नीचे है, और यह दर्शाता है कि हर महिला औसतन 2 से कम बच्चे ही जन्म दे रही है.
विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थिति केवल नीतिगत प्रोत्साहन से बेहतर नहीं होगी. इसके लिये विवाह, कार्य-जीवन संतुलन, आर्थिक सुरक्षा और सामाजिक समर्थन को जोड़कर एक समग्र संरचना तैयार करनी होगी, ताकि युवा जोड़ें न केवल शादी करें बल्कि ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिये भी प्रोत्साहित हों.