रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

तमनार कांड में महिला कांस्टेबल से बदसलूकी के आरोपी का जुलूस निकाला

C

CG Khabar

05 जन. 2026, 02:07 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

तमनार कांड का आरोपी
तमनार कांड का आरोपी

रायगढ़ । संवाददाता: तमनार में महिला पुलिस के साथ बदसलूकी करने वाले आरोपी का रायगढ़ में गिरफ्तार कर जुलूस निकाला गया. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पिछले महीने तमनार क्षेत्र में हिंसक विरोध प्रदर्शन के दौरान एक महिला कांस्टेबल के साथ हुई बर्बरता और दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी चित्रसेन साव को गिरफ्तार कर लिया है. 


सोमवार को हुई इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का कड़ा सबक सिखाने के लिए हेमू कालानी चौक से चक्रधर नगर थाने तक उसका सार्वजनिक जुलूस निकाला. 

विज्ञापन


इस दौरान आरोपी को जूतों-चप्पलों की माला पहनाई गई. सरेआम जुलूस निकाले जाने के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और कहा कि पुलिस की वर्दी फाड़ना अपराध है और पुलिसकर्मी समाज के रक्षक होते हैं. 


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य हिंसक प्रवृत्ति के लोगों के बीच एक कड़ा संदेश देना और कानून का खौफ पैदा करना है.


इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है. 


मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पर महिला पुलिसकर्मियों ने खुशी जताते हुए केक काटा और पटाखे फोड़कर जश्न मनाया. 


महिला सेल की प्रभारी दीपिका निर्मलकर ने इसे महिला सम्मान की जीत बताते हुए कहा कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा. 


गौरतलब है कि 27 दिसंबर को तमनार ब्लॉक में जिंदल कोल माइंस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ हिंसक हो गई थी. 


इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने न केवल पुलिस वाहनों और निजी संपत्ति को नुकसान पहुँचाया, बल्कि ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल के साथ मारपीट और अभद्रता कर उन्हें निर्वस्त्र करने का प्रयास भी किया था.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP