BJP नेता गिरफ्तार, PM आवास योजना के नाम पर ठगी का आरोप
बिलासपुर । संवाददाता: बीजेपी नेता सपना सराफ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का वादा कर दो महिलाओं से 3 लाख 40 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है. पीड़ित महिलाओं, उमा साहू और संतोषी विश्वकर्मा ने कलेक्टर संजय अग्रवाल की जनसुनवाई में इसकी शिकायत की थी.
शिकायत के बाद निगम आयुक्त को जांच के निर्देश दिए गए. जांच के बाद नगर निगम के बाबू सौरभ तिवारी ने सरकंडा पुलिस स्टेशन में सपना सराफ के खिलाफ FIR दर्ज की.
आरोप है कि राजकिशोर नगर के कल्याण बाग में रहने वाली सपना सराफ ने अपनी परिचित उमा साहू और संतोषी विश्वकर्मा से पीएम आवास योजना के नाम पर 3 लाख 40 हजार रुपये वसूले और उन्हें फर्जी रसीदें दीं.
इन रसीदों की जांच निगम कार्यालय में की गई, जहां वे फर्जी पाई गईं.
पुलिस ने सपना सराफ के खिलाफ धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज किया है और कार्रवाई शुरू कर दी है.