बेमेतरा: फसलों की रखवाली कर रहे चौकीदार पर 22 बंदरों की हत्या का आरोप
बेमेतरा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के देवरगांव (डोकरबेला) में फसलों की सुरक्षा के लिए तैनात एक चौकीदार (रखवार) द्वारा 22 बंदरों की कथित तौर पर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. ग्रामीणों के अनुसार, फसलों को मवेशियों और बंदरों से बचाने के लिए तैनात चौकीदार ने एक-एक कर कई बंदरों को मार डाला, जबकि इस घटना में कई अन्य बंदर गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दो बंदरों के शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है.
गांव में फसलों की रखवाली के बदले प्रत्येक किसान रखवार को रोजाना 2 किलो चावल देता है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि चौकीदार को बंदरों को केवल खेत से भगाना चाहिए था, न कि उनकी जान लेनी चाहिए थी.
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल भी साजा ब्लॉक के बेलगांव में इसी तरह की घटना घटी थी. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषी चौकीदार के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.