Lt Connell पर मामला दर्ज, स्पाइसजेट कर्मियों को पीटने का
श्रीनगर । डेस्क: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भारतीय सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल के खिलाफ श्रीनगर हवाई अड्डे पर स्पाइसजेट एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ पर कथित तौर पर हमला करने और गंभीर चोटे पहुंचाने के लिए मामला दर्ज किया है. यह घटना 26 जुलाई 2025 को हुई, और सेना ने जांच में "पूर्ण सहयोग" देने का वादा किया है.
बडगाम पुलिस स्टेशन में लेफ्टिनेंट कर्नल रितेश कुमार सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 126(2), 351(2), और 131 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. वह वर्तमान में उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल में तैनात हैं.
घटना श्रीनगर हवाई अड्डे के बोर्डिंग गेट नंबर 2 पर हुई, जब स्पाइसजेट की दिल्ली जाने वाली उड़ान SG-386 के निर्धारित प्रस्थान से कुछ मिनट पहले विवाद शुरू हुआ. एयरलाइन कर्मचारियों ने लेफ्टिनेंट कर्नल से उनके अतिरिक्त सामान के लिए शुल्क देने को कहा, क्योंकि वह 16 किलोग्राम केबिन बैगेज ले जा रहे थे, जो 7 किलोग्राम की सीमा से दोगुना था.
उन्होंने शुल्क देने से इनकार कर दिया और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते हुए जबरन एयरोब्रिज में प्रवेश कर गये. सीआईएसएफ अधिकारी द्वारा वापस लाए जाने पर, उन्होंने गेट पर आक्रामक व्यवहार किया और चार स्पाइसजेट कर्मचारियों पर शारीरिक हमला किया.
एयरलाइन के अनुसार, हमले में कर्मचारियों पर मुक्कों, लातों और कतार स्टैंड का हथियार के रूप में इस्तेमाल किया गया.
एक कर्मचारी बेहोश हो गया, लेकिन हमलावर ने उसे लात मारना जारी रखा. एक अन्य कर्मचारी को चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिसमें जबड़ा टूट गया.
एक कर्मचारी की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ. घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
सीसीटीवी फुटेज में हमला दर्ज हुआ, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है. स्पाइसजेट ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर "घातक हमले" पर कार्रवाई की मांग की है और यात्री को नो-फ्लाई सूची में डालने की प्रक्रिया शुरू की है.
सेना ने एक बयान में कहा, "26 जुलाई को श्रीनगर हवाई अड्डे पर सेना के एक कर्मी और एयरलाइन स्टाफ के बीच कथित झड़प की जानकारी मिली है. भारतीय सेना उच्चतम अनुशासन और आचरण के मानकों को बनाये रखने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी आरोपों को गंभीरता से लेती है."
सेना ने जांच में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है.