रूस में बंधक बनाया गया छत्तीसगढ़ का युवक, जबरन यूक्रेन युद्ध में धकेलने की साजिश
रूस में नौकरी का झांसा देकर फंसा बिलासपुर का युवक! परिजनों का आरोप- जबरन यूक्रेन युद्ध में भेजने के लिए बनाया गया बंधक और किया जा रहा प्रताड़ित. पीड़ित परिवार ने बिलासपुर प्रशासन और विदेश मंत्रालय से लगाई सुरक्षित वापसी की गुहार.
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा क्षेत्र का एक युवक रूस में नौकरी की तलाश में जाकर एक भयानक साजिश का शिकार हो गया है. बिलासपुर निवासी विनीत कुमार दुबे 1 अक्टूबर को मॉस्को पहुंचे थे, लेकिन 7 अक्टूबर के बाद से उनका परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट चुका है. युवक के अचानक लापता होने से उनका परिवार बेहद चिंतित और सहमा हुआ है.
विनीत की बहन आशि दुबे के अनुसार, उनके भाई को टेलीग्राम ग्रुप के जरिए रूस में नौकरी का झांसा दिया गया था.
मॉस्को पहुंचने के बाद से ही विनीत को भारतीय दूतावास जाने से रोका गया और एक होटल में रखा गया.
बाद में उन्हें वोल्गोग्राड शहर के एक अपार्टमेंट में बंधक बनाकर रख दिया गया.
आशि ने आरोप लगाया है कि 7 अक्टूबर को कुछ अज्ञात लोग विनीत को ले गए और उन पर यूक्रेन युद्ध में शामिल होने के लिए दबाव बनाने लगे. इनकार करने पर विनीत के साथ गंभीर रूप से मारपीट की गई, उन्हें खाना नहीं दिया गया और उन पर झूठा ड्रग्स का मामला दर्ज कर ब्लैकमेल किया जा रहा है.
परिवार को इस पूरी घटना की जानकारी किशोर नामक व्यक्ति के जरिए व्हाट्सएप संदेश से मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल से मुलाकात कर भाई की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर पुलिस प्रशासन ने विदेश मंत्रालय और रूसी दूतावास से संपर्क साधा है. एसएसपी ने बताया कि दूतावास को पत्र भेजकर जवाब का इंतजार किया जा रहा है और वहां से अपडेट मिलते ही आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.