मंगल, 20 अक्टू. 2026

CGKhabar

प. बंगाल: सिरफिरे ने पत्नी का सिर काटकर मंदिर में रखा, पिता की भी हत्या; तंत्र-मंत्र का संदेह

प. बंगाल के बांकुरा में दोहरे हत्याकांड से सनसनी: शख्स ने पत्नी की गर्दन काटकर मंदिर में चढ़ाई, पिता को भी उतारा मौत के घाट.

C

CG Khabar

20 अक्टू. 2026, 08:03 PM 2 मिनट में पढ़ें 20

कुल्हाड़ी- सांकेतिक फोटो
कुल्हाड़ी- सांकेतिक फोटो

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी का सिर धड़ से अलग कर उसे एक मंदिर में रख दिया और इसके बाद अपने बुजुर्ग पिता को भी मौत के घाट उतार दिया. सोमवार रात दामोदर नदी के तट पर स्थित नट लालबाबा मानाचर इलाके में घटित इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी मंगल चौधरी ने अपनी 39 वर्षीया पत्नी रुंपा चौधरी का धारदार हथियार से सिर काट दिया और कटे हुए सिर को पास के एक मंदिर में रख दिया. इसके बाद उसने अपने 60 वर्षीय पिता राजेंद्र चौधरी पर हमला कर उनकी भी हत्या कर दी. 

राजेंद्र चौधरी का शव घर के आंगन से बरामद हुआ. आरोपी ने अपने भाई पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा.

घटना की सूचना मिलते ही सोनामुखी और कांकसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. 

स्थानीय निवासियों का कहना है कि आरोपी और उसकी पत्नी अक्सर मंदिर में पूजा-अर्चना करते थे और उनके घर में एक तांत्रिक का आना-जाना भी था, जिससे इस हत्याकांड के पीछे तांत्रिक अनुष्ठान या अंधविश्वास से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है.

हालांकि, पुलिस ने फिलहाल तांत्रिक कोण से हत्या की पुष्टि नहीं की है और मामले की गहन जांच जारी है. आरोपी मंगल चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन हाथ की उंगली में चोट लगने के कारण उसे बांकुरा सम्मिलानी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इलाज पूरा होने के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP