शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

ट्रंप ने लगाया भारत पर 26% टैरिफ, कहा-मोदी दोस्त लेकिन...

C

CG Khabar

03 अप्रै. 2025, 01:17 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

ट्रंप
ट्रंप

नई दिल्ली | डेस्क: अमरीका ने दुनिया के लगभग 100 देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ़ लागू कर दिया है. अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे 'डिस्काउंटेड रेसिप्रोकल टैरिफ़' का नाम दिया है.


ट्रंप ने भारत पर 26 फ़ीसदी 'डिस्काउंटेड रेसिप्रोकल टैरिफ़' की घोषणा की है. व्हाइट हाउस के मुताबिक़, भारत अमेरिका पर 52 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाता है.


टैरिफ़ की घोषणा करते हुए अमेरिका राष्ट्रपति ने भारत का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री कुछ ही दिन पहले ही यहां से गए हैं और वो मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं, पर मैंने उनसे कहा कि आप मेरे दोस्त हैं लेकिन आप हमारे साथ सही नहीं कर रहे."


ट्रंप ने कहा, "वे हमें 52 फ़ीसदी चार्ज कर रहे हैं. आप समझ रहे हैं.. इस लिहाज़ से हम उनसे लगभग ना के बराबर चार्ज कर रहे हैं...सालों और दशकों से."


अपने भाषण की शुरुआत में ट्रंप ने कहा-"आज लिबरेशन डे है, जिसका अमरीका लंबे समय से इंतज़ार कर रहा था.आज का दिन अमरिकी उद्योग के पुनर्जन्म और अमरीका के फिर से समृद्ध बनने के तौर पर याद किया जाएगा."


ट्रंप ने कहा कि अमरीका का फ़ायदा उठाया गया और उसे विदेशियों ने 'लूट' लिया है. उन्होंने कहा, "हमारे टैक्स पेयर्स को 50 सालों से अधिक समय से ठगा जा रहा है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा."


इस टैरिफ में अमरीका ने अधिकांश देशों द्वारा लगाए गए टैरिफ़ का लगभग आधा टैरिफ़ घोषित किया है. कुछ देश ऐसे हैं, जिन पर उतना ही टैरिफ़ लगाया गया है जितना उन्होंने अमेरिका पर लगाया है. इसके अलावा 10 फ़ीसदी का बेसलाइन टैरिफ़ भी लगाया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP