अमेरिका ने ‘मिनटमैन 3’ मिसाइल का परीक्षण किया
कैलिफ़ोर्निया । डेस्क: रूस द्वारा लगातार सामरिक हथियारों के परीक्षण के बीच अब अमेरिका ने भी अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) 'मिनटमैन 3' का सफल परीक्षण किया है. यह परीक्षण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कुछ दिन पहले परमाणु हथियारों का परीक्षण शुरू करने के निर्देश देने के तुरंत बाद किया गया है, जिसने वैश्विक हथियारों की होड़ के बीच एक महत्वपूर्ण संकेत दिया है.
अमेरिकी वायुसेना के ग्लोबल स्ट्राइक कमांड ने बुधवार को कैलिफ़ोर्निया के वेंडनबर्ग सैन्य अड्डे से इस लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल को लॉन्च किया. अमेरिकी सेना के अनुसार, मिसाइल ने करीब 6759 किलोमीटर की दूरी तय की और मार्शल द्वीप समूह स्थित मिसाइल परीक्षण केंद्र के निर्धारित लक्ष्य पर सफलतापूर्वक निशाना साधा.
हालांकि, अमेरिकी वायुसेना का दावा है कि इस परीक्षण का निर्णय कई महीने पहले ही ले लिया गया था और पेंटागन ने इसकी जानकारी क्रेमलिन को भी दे दी थी, जिसकी पुष्टि रूसी प्रशासन के प्रेस सचिव दिमित्री पेसकोव ने भी की है.
इससे पहले, 21 अक्टूबर को रूस ने परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम 'बुरेवेस्टनिक' क्रूज मिसाइल के सफल परीक्षण का दावा किया था, जिसने 14 हजार किलोमीटर की दूरी तय की थी. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने परमाणु ऊर्जा से चलने वाले मानव रहित सबमर्सिबल वाहन 'पोसाइडन' के सफल परीक्षण की भी घोषणा की थी.
रूस के लगातार परीक्षणों के बाद ही, पिछले सप्ताह ट्रंप ने अमेरिकी युद्ध विभाग को परमाणु हथियारों का परीक्षण तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया था. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि अमेरिका के पास किसी भी अन्य देश से अधिक परमाणु हथियार हैं, लेकिन रूस और चीन अगले पांच वर्षों में इस मामले में अमेरिका की बराबरी कर सकते हैं.
ट्रंप ने दावा किया था कि परमाणु हथियारों की विनाशकारी शक्ति के कारण वह इनसे नफरत करते हैं, लेकिन अन्य देशों के परीक्षण को देखते हुए उनके पास कोई विकल्प नहीं बचा है. रूस और अमेरिका के ये मिसाइल परीक्षण एक बार फिर दुनिया में सैन्य तनाव को बढ़ाते दिख रहे हैं.