शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग में हंगामा: पुलिस थाने के बाहर ईसाई समुदाय का प्रदर्शन

C

CG Khabar

24 जून 2026, 02:50 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

ईसाई समुदाय-दुर्ग
ईसाई समुदाय-दुर्ग

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय भारी तनाव की स्थिति बन गई, जब ईसाई समुदाय के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने थाने का घेराव करने की कोशिश की और महिलाओं से बदसलूकी करने वाले आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. माहौल को बिगड़ता देख मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.


यह पूरा विवाद पिछले हफ्ते एक धार्मिक स्थल पर हुए टकराव से जुड़ा है. जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक धार्मिक स्थल पर हिंदू संगठन और ईसाई समुदाय के लोगों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस और झड़प हुई थी. 


ईसाई समुदाय का आरोप है कि हिंदू संगठन के कुछ असामाजिक तत्वों ने धार्मिक स्थल में घुसकर हंगामा किया और वहां मौजूद महिलाओं के साथ अभद्रता की.


हालांकि, घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस इस मामले में ढुलमुल रवैया अपना रही है और मुख्य आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है. इसी आक्रोश के चलते सोमवार को बड़ी संख्या में लोग पद्मनाभपुर थाने का घेराव करने पहुंचे.


पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए थाने से पहले ही मजबूत बैरिकेडिंग कर रखी थी, जिसके कारण प्रदर्शनकारी अंदर नहीं घुस पाए. 


इसके बाद सभी लोग पास के एक मैदान में इकट्ठा हो गए, जहां उन्होंने प्रार्थना की और भजन गाकर अपना विरोध दर्ज कराया. ईसाई समुदाय के प्रतिनिधि प्रदीप दुबे ने मीडिया को बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज होने के बावजूद महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों पर कोई एक्शन नहीं लिया गया है, जिससे समुदाय में भारी नाराजगी है.


दूसरी ओर, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दुर्ग ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मणिशंकर चंद्रा ने मोर्चा संभाला. 


उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस पहले ही एफआईआर दर्ज कर चुकी है और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है. 


एएसपी ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को आश्वासन दिया है कि जांच के तथ्यों के आधार पर कानून सम्मत उचित कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस बल तैनात है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP