शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

यूपी: तेंदुए के हमले में 7 वर्षीय मासूम की मौत

C

CG Khabar

08 जून 2026, 06:43 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

तेंदुआ
तेंदुआ

लखीमपुर खीरी । डेस्क: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा वन क्षेत्र में रविवार शाम तेंदुए के हमले में सात साल के एक बच्चे की जान चली गई. यह घटना ईसानगर थाना क्षेत्र के लालजीपुरवा गांव की है. इस ताजा हादसे के बाद दुधवा बफर जोन और वन्यजीवों के रिहाइशी इलाकों के पास रहने वाले ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.


मिली जानकारी के अनुसार, सात वर्षीय शुभम रविवार शाम अपने पिता के साथ खेत की सिंचाई करने गया था. इसी दौरान पास की झाड़ियों से अचानक निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया. पिता और पास के ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए तेंदुए को खदेड़ा, लेकिन तब तक मासूम गंभीर रूप से घायल हो चुका था. 

विज्ञापन


गंभीर हालत में शुभम को तुरंत खमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.


इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने खमरिया-ईसानगर मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की. 


मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस और स्थानीय भाजपा विधायक विनोद शंकर अवस्थी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.


दुधवा बफर जोन की उप निदेशक कीर्ति चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वन विभाग की टीमों को पिंजरों और कैमरों के साथ इलाके में तैनात कर दिया गया है ताकि तेंदुए को जल्द से पकड़ा जा सके. वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को अकेले खेतों में न जाने और शाम व रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. गौरतलब है कि दुधवा बफर जोन में इस साल बाघ और तेंदुए के हमलों में अब तक सात लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. Symbolic Photo.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP