उदयनिधि स्टालिन विवादित टिप्पणी मामले में पुलिस हिरासत में
चेन्नई । डेस्क: तमिलनाडु की राजनीति में उस समय नया भूचाल आ गया जब द्रमुक (DMK) नेता और नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार सुबह उनके चेन्नई स्थित नीलांकरई आवास से पुलिस ने हिरासत में ले लिया. यह कार्रवाई अभिनेत्री तृषा और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर दिए गए कथित विवादित बयान के सिलसिले में दर्ज एफआईआर के बाद की गई है.
पुलिस की टीम उन्हें पूछताछ के लिए तंजावुर लेकर रवाना हो गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस सुबह करीब 11 बजे उदयनिधि के घर पहुंची. द्रमुक की लीगल टीम के साथ विचार-विमर्श के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया. यह घटनाक्रम सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों और राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में की गई अपील के बाद देखने को मिला है.
हिरासत में लिए जाने के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उदयनिधि स्टालिन ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया.
उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बयान ही नहीं दिया है और सरकार बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए यह राजनीतिक हथकंडा अपना रही है.
उन्होंने इस पुलिस कार्रवाई को एक "कॉमेडी" करार देते हुए कहा कि वह इस मामले के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे. साथ ही उन्होंने सत्तारूढ़ दल पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार में शामिल लोग धरातल के बजाय रील्स की दुनिया में जी रहे हैं.
यह पूरा विवाद एक कावेरी विरोध सभा के दौरान उदयनिधि के भाषण से शुरू हुआ. जब वह मुख्यमंत्री विजय पर हमला बोल रहे थे, तब भीड़ में से कुछ लोगों ने अभिनेत्री तृषा का नाम लेकर नारे लगाने शुरू कर दिए.
आरोप है कि उदयनिधि ने इस दौरान एक द्विअर्थी टिप्पणी की, जिसे मुख्यमंत्री और अभिनेत्री के संदर्भ में अनुचित माना गया. इस भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजनीतिक घमासान मच गया. भाजपा और टीवीके दोनों ने ही इस टिप्पणी को बेहद शर्मनाक बताते हुए उदयनिधि की गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी थी.