कोरबा में 24 घंटे के भीतर दो भ्रातृहत्या
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पारिवारिक विवाद के चलते एक और खूनी वारदात सामने आई है, जहाँ श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम जिल्गा (छुईमाटी) में छोटे भाई रामजीवन राठिया ने अपने बड़े भाई राम भरोस राठिया (47) पर कुल्हाड़ी (टांगी) से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया.
हैरान करने वाली बात यह है कि बीते 24 घंटे के भीतर जिले में भाई द्वारा भाई की हत्या का यह दूसरा मामला है. इससे पहले मंगलवार रात बांगो क्षेत्र में बड़े भाई ने छोटे भाई की जान ली थी.
घटना बुधवार सुबह की है, जब राम भरोस अपने घर के पास स्थित बाड़ी में घास की सफाई कर रहे थे. उसी दौरान पुरानी रंजिश और सनकी मिजाज के आरोपी रामजीवन ने अचानक हमला कर उनकी गर्दन पर टांगी से लगातार कई वार किए, जिससे राम भरोस की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. पूरी वारदात मृतक की पत्नी सनिसो राठिया की आँखों के सामने हुई.
आमने-सामने रहकर खेती-किसानी करने वाले दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था.
घटना के बाद आरोपी रामजीवन फरार हो गया है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मृतक के पुत्र राम अवतार राठिया की शिकायत पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से गाँव में शोक का माहौल है.