दोबारा पोस्टमार्टम के बाद त्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार, पति रिमांड पर
भोपाल । डेस्क: भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई 33 वर्षीय त्विशा शर्मा का रविवार, 24 मई को भदभदा विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया. दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की टीम द्वारा किए गए दूसरे पोस्टमार्टम के बाद शाम 5 बजे उनके भाई मेजर हर्षित शर्मा ने मुखाग्नि दी.
इस दौरान श्मशान घाट पर गमगीन माहौल था और मृतका के परिजन न्याय की गुहार लगाते हुए बेहद भावुक नजर आए.
गौरतलब है कि 12 मई को त्विशा शर्मा का शव उनके ससुराल में फंदे से लटका मिला था, जिसके बाद परिजनों ने शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर गंभीर सवाल उठाए थे.
परिजनों की आपत्तियों के बाद ही प्रशासन ने दोबारा शव परीक्षण के आदेश दिए थे. मृतका के पिता नवनिधि शर्मा ने समाज और न्याय व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेटी के जाने से पूरा परिवार टूट चुका है और वे बस इंसाफ का इंतजार कर रहे हैं.
इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने त्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह (जो पेशे से वकील हैं) और उनकी सास व पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है.
करीब 10 दिनों तक फरार रहने के बाद आरोपी पति समर्थ सिंह को पुलिस ने जबलपुर से गिरफ्तार किया था, जिसे भोपाल की एक अदालत ने सात दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. दूसरी ओर, ससुराल पक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए मृतका पर ड्रग्स की लत का आरोप लगाया है, जिसकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है.