ट्रंप के टैरिफ की दुनिया भर में आलोचना
नई दिल्ली | डेस्क: अमरीका द्वारा नये टैरिफ की घोषणा के बाद दुनिया भर में इसकी प्रतिक्रिया हुई है. भारत से लेकर ब्रिटेन तक ने इस पर आपत्ति जताई है.
भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 'नए घटनाक्रम से होने वाले असर का आकलन किया जा रहा है और इससे प्रभावित होने वाले सभी पक्षों से सलाह मशविरा किया जा रहा है.'
मंत्रालय ने कहा है कि 'अमेरिकी व्यापार नीति में हुए नए बदलाव के कारण पैदा होने वाले नए अवसरों का भी अध्ययन किया जा रहा है.'
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने विदेश नीति के मामले में भारत सरकार के रुख़ की आलोचना करते हुए कहा कि अमेरिकी टैरिफ़ भारतीय अर्थव्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर देगा.
यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इस टैरिफ को वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बहुत बड़ा झटका बताया है.
उन्होंने कहा कि इसके गंभीर परिणाम होंगे. इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचेगा, अनिश्चितता बढ़ेगी और लाखों लोगों को इसका नुकसान झेलना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि टैरिफ़ का असर तुरंत दिखेगा और टैरिफ़ से खासकर कमजोर वर्ग को नुकसान होगा.
उन्होंने कहा कि हम सब इस मुद्दे पर एक साथ खड़े हैं. अगर आप हममें से किसी एक को निशाना बनाते हैं, तो आप हम सभी को चुनौती दे रहे हैं. हमारी एकता ही हमारी ताकत है.
इधर चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने अमरीका इन एकतरफ़ा लगाए गए टैरिफ़ को तुरंत वापिस ले और अपने साझेदारों के साथ मिलकर बातचीत के जरिए ट्रेड से जुड़े विवादों का सही समाधान निकाले. वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि चीन इस फ़ैसले का कड़ा विरोध करता है और अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए मज़बूत कदम उठाएगा.
दूसरी ओर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा है कि कल रात अमेरिका के राष्ट्रपति ने अपने देश के हित में फ़ैसला लिया. आज मैं ब्रिटेन के हित में फ़ैसला लूंगा. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों और हफ़्तों में हम जो भी फ़ैसला लेंगे वह सिर्फ़ और सिर्फ़ हमारे राष्ट्रीय, अर्थव्यवस्था, बिजनेस और कामकाजी लोगों के हित में होगा.
किएर स्टार्मर ने कहा कि यह साफ़ है कि अमेरिका के इस फ़ैसले का असर हमारी और दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा. लेकिन मैं साफ़ कहना चाहता हूं, हम इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं. हमारी सबसे बड़ी ताक़त है कि हम हर स्थिति में शांत और समझदारी से काम लेते हैं. उन्होंने कहा कि ट्रेड युद्ध कोई जीतता नहीं है और यह हमारे हित में नहीं है.