शेवरॉन पर बरसे ट्रंप– ‘हमारे दम पर वेनेजुएला में पैर जमाए, अब पेट्रोल के दाम तुरंत घटाए’
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश में बढ़ती ईंधन दरों पर कड़ा रुख अपनाते हुए तेल कंपनियों को तुरंत पेट्रोल और डीजल की कीमतें घटाने के निर्देश दिए हैं. ट्रंप ने बहुराष्ट्रीय ऊर्जा दिग्गज शेवरॉन (Chevron) और उसके सीईओ माइक वर्थ पर निशाना साधते हुए कहा कि वेनेजुएला से बाहर किए जाने के बाद शेवरॉन को दोबारा वहां स्थापित करने और मजबूत बनाने में उनके प्रशासन की बड़ी भूमिका रही है.
उन्होंने कहा कि कंपनियां सरकार की नीतियों का पूरा फायदा उठा रही हैं, लेकिन इसका श्रेय नहीं दे रही हैं. इसलिए अब कंपनियों की जिम्मेदारी बनती है कि वे आम अमेरिकी उपभोक्ताओं को राहत दें और रिटेल कीमतें तुरंत नीचे लाएं.
अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के चलते हाल के दिनों में तेल की कीमतों में भारी उछाल देखा गया है.
आगामी अमेरिकी मिडटर्म चुनावों से ठीक पहले ईंधन के बढ़ते दाम ट्रंप प्रशासन के लिए राजनीतिक चुनौती बने हुए हैं.
हालांकि, सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड के दामों में लगभग 5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह $82.91 प्रति बैरल पर आ गया.
ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ बातचीत का रास्ता साफ हो रहा है और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने को लेकर सहमति बन रही है, जिससे युद्ध समाप्त होते ही तेल की कीमतें तेजी से नीचे आएंगी. दूसरी ओर, ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी सीधी बातचीत के दावे को खारिज किया है, जिसके बाद ईंधन बाजार में अनिश्चितता अब भी बनी हुई है.