शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

ट्रंप ने फिर से एपस्टीन से संबंध से किया इनकार

C

CG Khabar

27 जुल. 2025, 12:47 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

डोनाल्ड ट्रंप- एपस्टीन
डोनाल्ड ट्रंप- एपस्टीन

नई दिल्ली । डेस्क: अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक बार फिर दिवंगत अमरीकी फाइनेंसर जेफ्री एपस्टीन से किसी भी संबंध से इनकार किया है. उन्होंने डेमोक्रेट्स पर फर्जी जानकारी फैलाने का आरोप लगाया. 


व्हाइट हाउस में स्कॉटलैंड रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "वे मेरे बारे में बात करते हैं. मेरा उस व्यक्ति से कोई लेना-देना नहीं है." उन्होंने हार्वर्ड के लैरी समर्स, पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और अन्य लोगों को एपस्टीन का करीबी दोस्त बताते हुए उन पर चर्चा करने की मांग की.

विज्ञापन


ट्रंप ने हाल ही में वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट को खारिज करने की कोशिश की, जिसमें कहा गया था कि 2003 में एपस्टीन के 50वें जन्मदिन के लिए प्राप्त हस्तलिखित पत्रों में एक पत्र पर डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर थे. ट्रंप ने कहा, "कोई मेरे नाम से पत्र लिख सकता है, ऐसा बहुत हुआ है."


ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा, "डेमोक्रेट्स के साथ सब कुछ फर्जी है... वे बीमार लोग हैं." एपस्टीन, जिनके अमरीकी राजनीतिक और व्यापारिक हस्तियों से व्यापक संबंध थे, को यौन अपराध के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और अगस्त 2019 में जेल में उनकी मृत्यु हो गई, जिसे आधिकारिक तौर पर आत्महत्या करार दिया गया.


2024 के राष्ट्रपति अभियान के दौरान, ट्रंप ने दोबारा चुने जाने पर एपस्टीन से संबंधित दस्तावेज जारी करने का वादा किया था. 


हालांकि, इस महीने की शुरुआत में अमरीकी न्याय विभाग और एफबीआई ने एक संयुक्त ज्ञापन जारी कर कहा कि कोई "क्लाइंट लिस्ट" मौजूद नहीं है और "कोई और खुलासा उचित या जरूरी नहीं होगा." 


ट्रंप प्रशासन के इस बदलते रुख की व्यापक आलोचना हुई है, कुछ नाराज समर्थकों ने तो अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी के इस्तीफे की मांग भी की है.


इस सप्ताह की शुरुआत में, वॉल स्ट्रीट जर्नल ने बताया कि मई में ट्रंप को उनके अटॉर्नी जनरल ने सूचित किया था कि एपस्टीन फाइलों में उनका नाम कई बार उल्लेखित है. इसके जवाब में, व्हाइट हाउस के एक प्रवक्ता ने इसे "फर्जी खबर" का हिस्सा बताया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP