ट्रंप का दावा: ‘मेरा स्वास्थ्य एकदम सही, नींद की खबरें महज अफवाह’
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' को दिए एक विशेष इंटरव्यू में अपने स्वास्थ्य को लेकर उठ रहे तमाम सवालों और अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है. 79 वर्षीय ट्रंप, जो अपने दूसरे कार्यकाल में जो बाइडन का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास के सबसे उम्रदराज अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए हैं, हाल के दिनों में अपनी शारीरिक स्थिति और सार्वजनिक कार्यक्रमों में उंघते हुए दिखने के कारण चर्चा में हैं.
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी बीमारी से ग्रस्त नहीं हैं और उनके 'जीन्स' बहुत अच्छे हैं.
राष्ट्रपति ने उन रिपोर्टों को भी गलत बताया जिनमें दावा किया गया था कि वे बैठकों के दौरान सो जाते हैं. उन्होंने कहा कि मीडिया उनकी पलक झपकने (ब्लिंकिंग) की तस्वीरों को गलत तरीके से पेश करता है.
स्वास्थ्य जांच के मुद्दे पर उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले दिनों उन्होंने MRI नहीं बल्कि CT स्कैन कराया था, हालांकि अब उन्हें उस प्रक्रिया के लिए पछतावा है क्योंकि इससे आलोचकों को "हथियार" मिल गया.
एक अहम खुलासे में ट्रंप ने बताया कि वे प्रतिदिन 325mg एस्पिरिन लेते हैं, जो सामान्य खुराक से काफी अधिक है. उन्होंने अपने हाथों पर दिखने वाले मेकअप के पैच पर सफाई देते हुए कहा कि एस्पिरिन के कारण उन्हें आसानी से खरोंच लग जाती है या नील पड़ जाते हैं, जिन्हें छिपाने के लिए वे मेकअप का इस्तेमाल करते हैं.
फिटनेस के प्रति अपने नजरिए पर बात करते हुए ट्रंप ने माना कि उन्हें ट्रेडमिल पर दौड़ना उबाऊ लगता है, फिर भी वे स्कूलों में 'प्रेसिडेंशियल फिटनेस टेस्ट' को फिर से शुरू करने की योजना बना रहे हैं. उम्र और क्षमता के सवालों के बीच ट्रंप ने खुद को अपने पूर्ववर्ती जो बाइडन से बेहतर बताते हुए अपनी फिटनेस पर पूरा भरोसा जताया है.