ट्रंप का दावा: 'इजरायल वही करेगा जो मैं कहूंगा'
वॉशिंगटन । डेस्क: ईरान के साथ जारी भीषण युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा बयान देकर वैश्विक राजनीति में हलचल मचा दी है. टाइम मैगजीन को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने पूरी मजबूती के साथ दावा किया कि इजरायल उनके आदेशों का पालन करेगा.
ट्रंप ने दो टूक शब्दों में कहा, "वे वही करेंगे जो मैं उनसे कहूंगा." उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व वाली इजरायली सरकार युद्ध रोकने के उनके फैसले के साथ खड़ी रहेगी.
ट्रंप ने कहा, "वे एक अच्छे टीम प्लेयर रहे हैं. जब मैं रुकूंगा, तो वे भी रुक जाएंगे."
यह बयान ट्रंप के उस पुराने रुख से अलग है जिसमें उन्होंने युद्ध समाप्ति को नेतन्याहू के साथ एक 'साझा फैसला' बताया था.
गौरतलब है कि इस संघर्ष की शुरुआत 28 फरवरी को ट्रंप के निर्देश पर शुरू हुए 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' से हुई थी, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए थे.
रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध को जारी रखने के लिए नेतन्याहू ने ट्रंप पर काफी दबाव बनाया था, लेकिन अब ट्रंप ने साफ कर दिया है कि अंतिम फैसला वाशिंगटन का ही होगा.
युद्ध की विभीषिका के बीच ट्रंप ने ईरानी लोगों की सहनशक्ति की सराहना भी की, हालांकि उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ईरानी लड़ाकों से बेहतर 'बातचीत करने वाले' हैं. फिलहाल, अमेरिका में युद्ध के प्रति घटते जनसमर्थन के बीच ट्रंप इस संघर्ष से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहे हैं.