टैरिफ हटाने से आएगी '1929 जैसी महामंदी'- ट्रंप
नई दिल्ली । डेस्क: अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चेतावनी दी है कि यदि अदालत उनके व्यापक टैरिफ को अवैध ठहराती है, तो अमरीकी अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान होगा. ट्रम्प ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखा, "यदि रैडिकल लेफ्ट कोर्ट टैरिफ हटा देता है, तो इन विशाल राशियों को वसूल करना या चुकाना असंभव होगा. यह 1929 जैसी महामंदी होगी!"
ट्रम्प की यह टिप्पणी तब आई है, जब यूएस कोर्ट ऑफ अपील्स फॉर द फेडरल सर्किट उनके आपातकालीन शक्तियों के इस्तेमाल से लगाए गए टैरिफ की वैधता पर विचार कर रहा है. मई में एक निचली अदालत ने ट्रम्प के खिलाफ फैसला सुनाया था, लेकिन अपील कोर्ट ने इस फैसले को रोक दिया है.
ट्रम्प ने टैरिफ से ट्रेजरी में अरबों डॉलर की आय और शेयर बाजार के रिकॉर्ड को अपनी नीति का सबूत बताया.
हालांकि, अर्थशास्त्रियों का कहना है कि ये टैरिफ मुद्रास्फीति को बढ़ा रहे हैं और निवेश को धीमा कर रहे हैं.
ट्रम्प ने व्यापार घाटे को "राष्ट्रीय आपातकाल" घोषित कर कई देशों पर "रेसिप्रोकल" टैरिफ लगाए हैं.
विरोधियों का तर्क है कि यह अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्ति अधिनियम (IEEPA) के तहत वैध नहीं है और इसके लिए कांग्रेस की मंजूरी जरूरी है.
यह मामला संभवतः सुप्रीम कोर्ट तक जाएगा, जहां 6-3 से रूढ़िवादी बहुमत है, लेकिन परिणाम अनिश्चित है.