TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला, सिर में आई चोट
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में विधानसभा चुनाव के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है. श्रीरामपुर से तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया है कि रविवार को चंडीतला थाने के सामने उन पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें उनके सिर पर गंभीर चोट आई है.
सांसद पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ ज्ञापन सौंपने के लिए थाने पहुंचे थे, जहां उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ा.
कल्याण बनर्जी का आरोप है कि थाने के सामने मौजूद भीड़ ने उन्हें घेर लिया, काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की. उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों ने सुनियोजित तरीके से उन पर हमला किया और सिर के पिछले हिस्से पर वार किया जिससे खून बहने लगा.
घटना के बाद सांसद कल्याण बनर्जी ने पुलिस की निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए थाने के सामने ही धरना शुरू कर दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में यह सब हुआ और टीएमसी इस 'भाजपा प्रायोजित' हिंसा के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेगी.
दूसरी ओर, भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. भाजपा नेतृत्व का कहना है कि इस घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि यह स्थानीय लोगों का गुस्सा है जो चुनाव के बाद टीएमसी नेताओं के खिलाफ राज्यभर में फूट रहा है.
फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में रखने और किसी भी बड़ी हिंसक झड़प को रोकने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है. गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में भी टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा था.