पेट्रोल-डीजल-गैस की कमी नहीं होगी- पीएम मोदी
नई दिल्ली । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लोकसभा में पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात को "चिंताजनक" बताते हुए देश को आश्वस्त किया कि युद्ध के वैश्विक प्रभावों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था के बुनियादी ढांचे मजबूत हैं. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि पिछले तीन हफ्तों से जारी यह संकट वैश्विक अर्थव्यवस्था और जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है.
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से होने वाली आपूर्ति में बाधा और वाणिज्यिक जहाजों पर हमले स्वीकार्य नहीं हैं, क्योंकि भारत का 40 प्रतिशत कच्चा तेल और भारी मात्रा में उर्वरक इसी मार्ग से आता है.
पीएम मोदी ने घरेलू मोर्चे पर राहत देते हुए कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी. भारत ने रणनीतिक तेल भंडार को 5.3 मिलियन मीट्रिक टन से ऊपर रखा है और अतिरिक्त भंडारण पर काम जारी है.
उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि जून-जुलाई के खरीफ सीजन के लिए उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कोयले की भी कोई कमी नहीं है.
इसके अलावा, उन्होंने खाड़ी देशों में रहने वाले लगभग 1 करोड़ भारतीयों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्रीय राष्ट्राध्यक्षों से बात की है और सभी भारतीयों को आवश्यक सहायता पहुंचाई जा रही है. दूसरी ओर, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस संबोधन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने कुछ भी नया नहीं कहा है और विपक्ष इस मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा की मांग करता है.