सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

यूपीआई से फास्ट टैग तक, कई नियम बदले

सरकार ने किए जनता से जुड़े कई बदलाव

H

Hupendra Sharma

01 अग. 2025, 07:35 AM 4 मिनट में पढ़ें 3

बदलाव
बदलाव

नई दिल्लीः डेस्कः आज से गैस सिलेंडर की कीमत, डिजिटल पेमेंट के नियम, हवाई यात्रा की लागत और बैंकिंग से जुड़े कई बदलाव किये जा रहे हैं.


इसी के साथ 15 अगस्त से फास्ट टैग एनुअल पास का नियम लागू होने जा रहा है. ये सभी बदलाव लोगों की जेब को प्रभावित करेंगे.

विज्ञापन


देशभर में आज से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की गई है. अब कमर्शियल सिलेंडर 34.50 रुपये सस्ता मिलेगा. ये नई कीमत आज से प्रभावी हो चुकी है.


इससे रेस्तरां और ढाबा व्यवसायियों को थोड़ी राहत मिल सकती है. हालांकि रसोई गैस के दाम में अभी कोई बदलाव नहीं किया गया है. 


यूपीआई के बदले नियम

यूपीआई को लेकर आज से कई नए नियम लागू हो गए हैं. अब यूपीआई ऐप्स पर दिनभर में अधिकतम 50 बार ही बैंक अकाउंट बैलेंस चेक किया जा सकेगा.


इससे पहले कोई सीमा तय नहीं थी, लेकिन अब इस पर लिमिट तय कर दी गई है. यह नियम NPCI द्वारा सिस्टम को सुरक्षित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लाया गया है.


अगर आप दो अलग-अलग ऐप का इस्तेमाल करते हैं तो हर ऐप पर यह लिमिट अलग-अलग लागू होगी. व्यस्त समय (सुबह 10 से दोपहर 1 बजे और शाम 5 से रात 9:30 बजे तक) में बैलेंस चेक पर रोक या सीमित एक्सेस होगी ताकि सर्वर लोड कम हो.


क्रेडिट कार्ड पर इंश्योरेंस कवर बंद

अब हर सफल पेमेंट के बाद बैंक खुद SMS या इन-ऐप नोटिफिकेशन के ज़रिए बतायेगा कि आपके खाते में कितना बैलेंस बचा है. इससे दुकानदारों, फ्रीलांसरों, छोटे व्यापारियों को बार-बार बैलेंस चेक करने की जरूरत नहीं होगी.


अब अगर कोई ट्रांजैक्शन फेल हो जाए या पेंडिंग हो, तो उसकी स्थिति कम से कम 90 सेकंड बाद ही चेक की जा सकेगी.


दिन में केवल 3 बार ही ट्रांजैक्शन स्टेटस चेक किया जा सकेगा. हर बार कम से कम 45-60 सेकंड का अंतर होना जरूरी होगा.


इसी तरह एसबीआई कार्ड धारकों के लिए बड़ा झटका हो सकता है. एसबीआई ने 11 अगस्त से कुछ को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड्स (ELITE और PRIME) पर मिलने वाले फ्री एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस बंद करने का फैसला किया है.


अभी तक ये कवर 50 लाख से 1 करोड़ रुपए तक मिलता था. यह बीमा पहले यूको बैंक, सेंट्रल बैंक, करूर वैश्य बैंक और इलाहाबाद बैंक के साथ पार्टनरशिप में दिया जाता था.


अगस्त में 15 दिन बैंक बंद

आरबीआई के अनुसार, अगस्त 2025 में देशभर में अलग-अलग राज्यों और त्योहारों के अनुसार कुल 15 दिन बैंक बंद रहेंगे.


इसमें स्वतंत्रता दिवस, जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी जैसे त्योहारों के अलावा रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार की छुट्टियां भी शामिल हैं. ऐसे में जरूरी बैंकिंग काम लिस्ट देखकर निपटा लेना बेहतर रहेगा, ताकि किसी जरूरी काम में देरी ना हो.


इस महीने के 4 से 6 अगस्त तक रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग होनी है. इस बैठक में गवर्नर संजय मल्होत्रा पैनल के साथ मिलकर ब्याज दरों में 0.25 फीसदी की कटौती कर सकते हैं.


इससे पहले जून में हुई MPC की मीटिंग में RBI ने रेपो रेट को 0.50 प्रतिशत घटाकर 5.50 फीसदी कर दिया था. रेट कट का सीधा असर लोन की EMI और सेविंग्स अकाउंट की ब्याज दर पर पड़ सकता है. इस कटौती से ब्याज दरें कम हो सकती हैं.


फॉस्ट टैग एनुअल पास

15 अगस्‍त 2025 से प्राइवेट वाहन के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय नए फास्ट टैग सालाना पास शुरू करने जा रहा है.


इस सालाना पास के तहत 200 टोल फ्री होंगे, जिसके लिए 3000 रुपये शुल्‍क देना होगा. यह पास एक साल या अधिकतम 200 ट्रिप तक वैलिड माना जाएगा.


इस पास का उद्देश्‍य आने-जाने के रास्‍ते को आसान बनाना है.


सीएनजी-पीएनजी के दाम में बदलाव 

तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को CNG और PNG की कीमतें भी बदलाव करती हैं. हालांकि अप्रैल के बाद से अभी तक इनमें कोई बदलाव नहीं हुआ है.


आखिरी बार 9 अप्रैल को मुंबई में सीएनजी की कीमत ₹79.50 प्रति किलो और पीएनजी की ₹49 प्रति यूनिट तक पहुंची थी.


अब अगस्त में एक बार फिर इनके दामों में बदलाव संभव है. अगर कीमत बढ़ती है, तो ट्रांसपोर्ट और घरेलू गैस का खर्च बढ़ सकता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP