दिल्ली में आतंकी हमले का अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी
नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आतंकी हमले के इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. खुफिया जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय दिल्ली के महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाया जा सकता है, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने शहर भर में चौकसी बढ़ा दी है.
जगह-जगह बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियों को आत्मघाती हमले, आईईडी (IED) और गोलीबारी जैसे संभावित खतरों को लेकर सतर्क किया गया है.
राजधानी के प्रमुख बाजारों, परिवहन केंद्रों और राजनीतिक कार्यालयों में एंटी-सबोटेज जांच की जा रही है. बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वायड और क्विक रिएक्शन टीमों को चौबीसों घंटे तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.
पुलिस संदिग्ध गतिविधियों और लावारिस वस्तुओं पर पैनी नजर रख रही है. सभी जिला इकाइयों को खुफिया एजेंसियों और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके.
Symbolic Photo