तहसीलदारों की हड़ताल खत्म
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में तहसीलदारों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है. तहसीलदार संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा से अपनी मांगों को लेकर मुलाकात की.
जिसके बाद आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की. आज से ही सभी तहसीलदार अपने-अपने काम पर लौट गए हैं.
ज्ञात हो कि तहसीलदार संघ ने अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 28 जुलाई से अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे थे.
तहसीलदारों के आंदोलन की वजह से तहसील कार्यालयों में राजस्व संबंधित सारे काम ठप हो गए थे.
आंदोलन खत्म होने के साथ ही प्रदेशभर में रुके हुए नामांतरण, सीमांकन, भू-अधिकार अभिलेख जैसे काम फिर से शुरू हो जाएंगे.
बताया गया कि राजस्व मंत्री से मुलाकात में संघ के प्रतिनिधियों ने 17 सूत्रीय मांगों और समस्याओं को विस्तार से रखा. जिस पर मंत्री ने गंभीरता से विचार कर ठोस आश्वासन दिया.
संघ के पदाधिकारियों ने भरोसा जताया कि शासन समयबद्ध कार्रवाई कर लंबित विषयों का समाधान निकालेगा.
संघ ने कहा है कि यदि तय समयावधि में ठोस समाधान सामने नहीं आता, तो संघ पुनः आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होगा. फिलहाल यह संघर्ष थमा है, समाप्त नहीं हुआ.
इन मागों पर बनी सहमति
• डिप्टी कलेक्टर पद पर 50:50 के अनुपात से पदोन्नति और सीधी भर्ती की व्यवस्था बहाल की जाएगी.
• नायब तहसीलदार और तहसीलदार को राजपत्रित दर्जा देने संबंधी प्रस्ताव पर जल्द निर्णय लिया जाएगा.
• लंबित पदोन्नतियां और ग्रेड पे से जुड़े मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाएगा.
• सभी तहसीलों में अधिकारियों को सरकारी वाहन व ड्राइवर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे लॉ एंड ऑर्डर और प्रोटोकॉल ड्यूटी में सुविधा हो सके.
• अनुशासनात्मक मामलों में बिना वैध प्रक्रिया के हुए निलंबन/अभियोजन की 15 दिन में जांच कर कार्रवाई की जाएगी.