तमिलनाडु: 3 एलपीजी सिलेंडर का रिफंड मिलेगा
चेन्नई । डेस्क: तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कज़गम (TVK) के प्रमुख और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य की गृहणियों के लिए एक बड़ी राहत योजना की घोषणा की है. सरकार ‘अन्नापूरणी सुपर सिक्स योजना’ के तहत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष तीन घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडरों का रिफंड प्रदान करेगी. इस योजना का औपचारिक शुभारंभ वर्ष 2027 में पोंगल के शुभ अवसर पर किया जाएगा.
इस घोषणा से राज्य के लगभग 1,30,16,104 परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. इस जनकल्याणकारी योजना पर राज्य सरकार सालाना लगभग ₹4,000 करोड़ का वित्तीय खर्च वहन करेगी. गौरतलब है कि छह मुफ्त कुकिंग गैस सिलेंडर देना 2026 के विधानसभा चुनाव में टीवीके के प्रमुख चुनावी वादों में से एक था.
योजना की कार्यप्रणाली को स्पष्ट करते हुए बताया गया कि सिलेंडरों का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में क्रेडिट किया जाएगा. पंजीकरण के बाद जब लाभार्थी तेल कंपनियों से सिलेंडर प्राप्त कर लेंगे, तो सरकार कंपनियों से सूची प्राप्त करेगी और उसके आधार पर रिफंड की राशि सीधे बैंक खाते में भेज दी जाएगी.
किन्हें मिलेगा लाभ?
आय सीमा: ऐसे परिवार जिनकी वार्षिक आय ₹2.5 लाख से अधिक न हो.
किसान: मध्यम और सीमांत किसान परिवार.
विशेष वर्ग: दिव्यांग जनों वाले परिवार इस योजना के दायरे में आएंगे.
पश्चिम एशियाई क्षेत्र में हालिया तनाव और युद्ध के कारण बीते महीनों में सिलेंडरों की किल्लत और ईंधन की बढ़ती कीमतों से आम परिवारों के बजट पर असर पड़ा है. राज्य की वर्तमान वित्तीय स्थिति चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद, जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को कम करने और अपने चुनावी वादे को पूरा करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है.