शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

सरगुजा: धर्म परिवर्तन के आरोप में रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर गिरफ्तार

C

CG Khabar

29 जन. 2026, 02:32 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

गिरफ्तार
गिरफ्तार

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक संवेदनशील मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए 66 वर्षीय सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर ओमेगा टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि उनके नमनाकला स्थित आवास पर पिछले करीब एक साल से हर रविवार को 'चंगाई सभाएं' आयोजित की जा रही थीं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते थे.


हिंदू संगठनों ने दावा किया कि इन सभाओं के जरिए हिंदू समुदाय के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए उकसाया जा रहा था. 26 जनवरी को एक ऐसी ही सभा की सूचना मिलने पर संगठन से जुड़े कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया. उस समय सभा में लगभग 50-60 लोग मौजूद थे और कुछ लोगों का धर्मांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा था.


पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन आयोजकों ने कथित तौर पर उन्हें अंदर जाने से रोकने की कोशिश की और पहचान पत्र व आदेश दिखाने की मांग की. 


इस दौरान एक रजिस्टर भी पेश किया गया, जिसमें शामिल लोगों के नाम और हस्ताक्षर दर्ज थे. पुलिस ने यह रजिस्टर जब्त कर लिया. जांच में पता चला कि सभा के लिए कोई पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी.


मठपारा निवासी रोशन तिवारी की शिकायत पर गांधीनगर थाना में मामला दर्ज किया गया. इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 270, 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 5(क) के तहत आरोप लगाए गए. 


पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर ओमेगा टोप्पो थाने से निकलकर फरार हो गई थीं, लेकिन बाद में घर लौटने पर पुलिस ने छापेमारी कर उन्हें हिरासत में ले लिया.


गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने पुष्टि की कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू हो गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP