जशपुर में बेटे ने की मां की हत्या
जशपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को कई टुकड़ों में काट दिया. इसके बाद कुल्हाड़ी लेकर पास बैठा रहा और गाना गाता रहा. किसी को भी पास नहीं आने दे रहा था. करीब आने की कोशिश करने पर कुल्हाड़ी लहराता था.
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है. फिलहाल हत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है.
पुलिस के मुताबिक घटना कुनकुरी थाना क्षेत्र के बेंदरभद्रा बस्ती की है. मंगलवार की सुबह आरोपी जीत राम किसी बात को लेकर अपनी मां गुला बाई से नाराज हो गया.
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने मां पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. लगातार कुल्हाड़ी के वार से महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. उसके बाद आरोपी ने शव को कई टुकड़ों में काट डाला.
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. जब तक मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए थे.
इस दौरान आरोपी अपनी मां की लाश के पास ही कुल्हाड़ी लेकर बैठा रहा. पुलिस आरोपी को पकड़ने घर के अंदर गई तो आरोपी कुल्हाड़ी लहराते हुए हमला करने की कोशिश करने लगा. काफी मशक्कत के बाद वह पकड़ा गया.
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ऐसा लगता है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. परिवार वालों ने बताया कि वह कुछ समय पहले केरल में काम करता था. दिन पहले ही वह कुनकुरी वापस लौटा था. पुलिस सभी पहलुओं को लेकर जांच कर रही है.