सिद्धारमैया से मिलने के बाद शिवकुमार ने कहा-नहीं है मतभेद
नई दिल्ली | डेस्क: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की शनिवार को मुलाकात हुई. इसके बाद दोनों ने एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ़्रेंस भी की.
सीएम सिद्धारमैया ने कहा, "हमने तय किया है कि हाईकमान जो भी कहेगा, हम मानेंगे. कल से कोई कन्फ़्यूज़न नहीं होगा. अभी भी कोई कन्फ़्यूज़न नहीं है. कुछ मीडिया रिपोर्टर्स ने कन्फ़्यूज़न पैदा किया है."
उन्होंने कहा, "हमारे बीच कोई मतभेद नहीं हैं और भविष्य में भी कोई मतभेद नहीं होंगे...हमारा एजेंडा 2028 के चुनाव हैं. स्थानीय निकाय चुनाव ज़रूरी हैं. हमने उन पर चर्चा की. हमने 2028 के चुनावों में कांग्रेस को वापस लाने पर भी चर्चा की. हमने चर्चा की कि हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे."
डीके शिवकुमार ने भी पार्टी हाईकमान की बात मानने की बात दोहराई.
उन्होंने कहा, "जहां तक नेतृत्व की बात है, यह पार्टी हाईकमान को तय करना है. वे जो भी कहेंगे, हम मानेंगे. हम पार्टी के वफ़ादार सिपाही हैं. पार्टी देश में मुश्किल दौर से गुज़र रही है, लेकिन हमें भरोसा है कि कर्नाटक में हम 2028 में अपनी जीत दोहराएंगे और मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की नेतृत्व में आगे बढ़ेंगे."
कुछ विधायकों के दिल्ली जाने का ज़िक्र करते हुए सीएम सिद्धारमैया ने कहा, "जहां तक मुझे पता है, कुछ विधायक मंत्री बनना चाहते हैं, इसलिए वे हाईकमान से मिलने गए होंगे. इसका मतलब यह नहीं है कि वे नेतृत्व के ख़िलाफ़ हैं. उनमें से कुछ ने मुझसे बात की और बताया कि वे दिल्ली क्यों गए थे."
सीएम सिद्धारमैया ने डीके शिवकुमार को अपने आवास पर नाश्ते के लिए आमंत्रित किया था.
इस मुलाक़ात के बाद सीएम सिद्धारमैया ने एक्स पर पोस्ट किया, "आज सुबह उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ नाश्ता किया और थोड़ी बातचीत हुई."
वहीं डीके शिवकुमार ने एक्स पर लिखा, "आज सुबह ब्रेकफ़ास्ट मीटिंग के लिए कावेरी रेज़िडेंस पर सीएम सिद्धारमैया से मुलाकात हुई. कर्नाटक की प्राथमिकताओं और आगे के रास्ते पर अच्छी चर्चा हुई."