शशि थरूर ने 'पार्टी लाइन' से अलग होने की खबरों को नकारा
तिरुवनंतपुरम । डेस्क: कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य और सांसद शशि थरूर ने सोमवार को स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी भी पार्टी की विचारधारा या आधिकारिक रुख से हटकर कोई बात नहीं की है. केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिए आयोजित 'लक्ष्य 2026' नेतृत्व शिविर में भाग लेने के बाद थरूर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे.
हाल के दिनों में अपने कुछ बयानों और लेखों के कारण पार्टी के भीतर आलोचनाओं का सामना कर रहे थरूर ने कहा कि उनके बयानों को अक्सर संदर्भ से बाहर पेश किया जाता है.
थरूर ने मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि विवाद अक्सर तब होता है जब लोग पूरा लेख पढ़ने के बजाय केवल हेडलाइन के आधार पर अपनी राय बना लेते हैं.
उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता एल.के. अडवाणी को उनके 98वें जन्मदिन पर दी गई शुभकामनाओं का बचाव करते हुए कहा कि यह केवल एक शिष्टाचार था और हमारी संस्कृति बड़ों का सम्मान करना सिखाती है.
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित प्रशंसा के विवाद पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने केवल एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कही गई बात को उद्धृत किया था और इसमें कुछ भी गलत नहीं था.
केरल की राजनीति पर चर्चा करते हुए थरूर ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि भारी कर्ज के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर पैदा करने की वकालत की.
आगामी विधानसभा चुनावों में अपनी भूमिका पर उन्होंने कहा कि वह राज्य में पहले से अधिक सक्रिय रहेंगे और पिछली बार की तरह इस बार भी व्यापक स्तर पर चुनाव प्रचार करेंगे.
मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रतिभा की कमी नहीं है और अंतिम निर्णय विधायकों की राय के आधार पर ही लिया जाएगा.